Samachar Post रिपोर्टर, रांची : जमशेदपुर जिले के बहरागोड़ा क्षेत्र में सोमवार सुबह एनएच-49 पर एक गंभीर सड़क हादसा हुआ। जमशेदपुर से ओडिशा के बारीपदा जा रही कार बेला चौक के पास पलट गई। हादसा तब हुआ जब कार चालक ने सड़क पर अचानक आए कुत्ते को बचाने की कोशिश की।
अचानक मोड़ के चलते कार हुई अनियंत्रित
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुत्ते को बचाने के लिए चालक ने अचानक ब्रेक लगाया और कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में मदद की।
यह भी पढ़ें: शादी के दो दिन बाद सड़क हादसे में दूल्हे की मौत, इलाके में मातम
तीन लोग घायल, दो की हालत गंभीर
हादसे में विकास मिश्रा (बर्मामाइंस, जमशेदपुर), जगन्नाथ भगत (घाटशिला) और एक महिला घायल हुईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बहरागोड़ा पहुंचाया। विकास मिश्रा और जगन्नाथ भगत की हालत गंभीर देख उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। महिला को मामूली चोटें आईं और प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों और स्वास्थ्यकर्मियों ने मिलकर घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुँचाया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया और वाहन को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया। सड़क सुरक्षा विभाग ने भी मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।