Samachar Post रिपोर्टर,पलामू :पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र के आसेहार में एक पत्नी द्वारा पति की रस्सी से गला घोंटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी पत्नी रंजू देवी को हिरासत में ले लिया है। मृतक की पहचान उदय यादव के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें :अशोक कोल परियोजना: कोयला परिवहन में अवैध वसूली पुलिस और विस्थापित नेताओं की मिलीभगत का आरोप
झगड़े के दौरान हत्या का दावा
जानकारी के मुताबिक, उदय यादव और उनकी पत्नी रंजू देवी के बीच अक्सर विवाद होता था। रविवार को दोनों एक कमरे में झगड़ रहे थे, जबकि उनके दो बच्चे दूसरे कमरे में थे। अचानक रंजू देवी की रोने की आवाज सुनकर परिजन पहुंचे तो देखा कि उदय यादव अचेत पड़े हैं और उनके गले में रस्सी लिपटी हुई है। सूचना पर पांकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। थाना प्रभारी राजेश रंजन ने बताया कि पूछताछ में रंजू देवी ने हत्या कबूल की है। उसका कहना है कि झगड़े के दौरान उदय कई बार खुद पर रस्सी कस रहे थे और इसी बीच विवाद बढ़ने पर उसने गला दबाकर उनकी जान ले ली।
प्रेमी के साथ मिलकर हत्या का आरोप
मृतक के भाई संजय यादव ने घटनास्थल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि रंजू देवी ने अपने प्रेमी चंदन पासवान के साथ मिलकर भाई की हत्या की है। चंदन पासवान लेस्लीगंज के चौरा का निवासी है। संजय के अनुसार, रंजू और चंदन के बीच पिछले डेढ़ साल से प्रेम संबंध चल रहा था, जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच लगातार तनाव रहता था। संजय का आरोप है कि रविवार रात दोनों ने मिलकर उदय की रस्सी से गला दबाकर हत्या कर दी और बाद में रंजू देवी ने रोकर झूठा नाटक रचने की कोशिश की। पुलिस ने मौके से हत्या में इस्तेमाल की गई रस्सी बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों रंजू देवी और चंदन पासवान को हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ की जा रही है।
Reporter | Samachar Post