Samachar Post डेस्क, रांची :श्रीनगर के नौगाम पुलिस स्टेशन में बीती रात जोरदार विस्फोट हुआ, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई और 24 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी शामिल हैं। सभी को उजाला सिग्नस, एसएमएचएस और 92 बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास के घरों की खिड़कियां चकनाचूर हो गईं। धमाके की आवाज छानपोरा, सनतनगर, रावलपोरा और पंथा चौक तक सुनाई दी।
यह भी पढ़ें :झारखंड में कड़ाके की ठंड, 11 जिलों में येलो अलर्ट, तापमान 6 डिग्री तक गिरा
फरीदाबाद से जब्त विस्फोटक की सैंपलिंग के दौरान हादसे का शक
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विस्फोट उस समय हुआ, जब फरीदाबाद में बरामद किए गए विस्फोटक की सैंपलिंग की जा रही थी। माना जा रहा है कि जब्त किया गया विस्फोटक अमोनियम नाइट्रेट और आरडीएक्स का मिश्रण था। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। एफएसएल टीम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार और एक दर्जी नमूने ले रहे थे, तभी जोरदार धमाका हो गया।
दिल्ली के 10 नवंबर वाले धमाके से मिलते-जुलते संकेत
जांच एजेंसियां इस विस्फोट को दिल्ली के लाल किले के पास हुए हालिया धमाके से जोड़कर देख रही हैं। वीडियो फुटेज में भी दोनों घटनाओं में काफी समानताएं दिख रही हैं। दिल्ली में हुए कार बम विस्फोट में 13 लोगों की मौत हुई थी और उसकी जांच अभी जारी है।
सफेदपोश आतंकी मॉड्यूल की कार्रवाई से जुड़ सकती है घटना
सूत्रों का कहना है कि विस्फोट हाल ही में पकड़े गए सफेदपोश आतंकवादी मॉड्यूल से बरामद किए गए विस्फोटक के कारण हो सकता है। फरीदाबाद से जब्त 2900 किलो विस्फोटक में से 358 किलो आरडीएक्स बताया गया था। इसी में से लगभग 360 किलो सामग्री नौगाम थाने में रखी गई थी। मुजम्मिल गनई, जिसके किराए के घर से विस्फोटक मिला था, इस मॉड्यूल के 8 गिरफ्तार आरोपियों में से एक है। फिलहाल ये साफ नहीं है कि पूरा विस्फोटक थाने में मौजूद था या नहीं।
Reporter | Samachar Post