Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर :शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताजा मामला सोनारी थाना क्षेत्र के आदर्श नगर फेज–4 का है, जहां झारखंड कांग्रेस की प्रदेश महिला उपाध्यक्ष पुनीता चौधरी के आवास से 9 से 10 लाख रुपये मूल्य के जेवरात और नकदी की चोरी हो गई।
यह भी पढ़ें :झारखंड बना ‘टॉप अचीवर’: बिजनेस रिफॉर्म्स में देशभर में बढ़ाया राज्य का मान
खाली घर देख चोरों ने दिया वारदात को अंजाम
मिली जानकारी के मुताबिक, पुनीता चौधरी बीते एक सप्ताह से अस्पताल में भर्ती हैं और परिवार के सदस्य उनके इलाज में व्यस्त थे। इसी का फायदा उठाते हुए चोरों ने घर का ताला तोड़ा और अलमारी में रखे कीमती जेवर व नकदी लेकर फरार हो गए।
चोरी की पूरी घटना CCTV में कैद
यह पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में चोर बेहद शातिराना अंदाज में चोरी करते नजर आ रहे हैं। पुलिस अब वीडियो के आधार पर संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। घटना की सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास के क्षेत्रों के अन्य सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि सुराग जुटाए जा सकें।
पहले भी हो चुकी है बड़ी चोरी, सुरक्षा पर उठे सवाल
गौरतलब है कि बीते सप्ताह सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के विजया गार्डन इलाके में भी 15 लाख की चोरी हुई थी, जिसका अब तक खुलासा नहीं हो सका है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में आक्रोश है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि रात्रि गश्त बेहद कमजोर हो गई है, जिसका फायदा अपराधी उठा रहे हैं। लोगों ने पुलिस से मांग की है कि नाइट पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए, संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी तेज की जाए, चोरी की घटनाओं पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित हो।
Reporter | Samachar Post