Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : जामताड़ा पुलिस ने अपहरण के दो मामलों में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र से अपहृत दो नाबालिगों को सकुशल बरामद कर लिया है और इस मामले में शामिल पांच अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आज़ाद अंसारी, श्री अंसारी, समद अंसारी, शिवलाल मरांडी और अब्दुल हबीब के रूप में हुई है। इनमें आज़ाद अंसारी देवघर जिले के मार्गो मुंडा के रहने वाले हैं, जबकि श्री अंसारी गिरिडीह जिले के अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
फिरौती के लिए किया गया था अपहरण
पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर को करमाटांड़ थाना क्षेत्र के साइबर हब इलाके से दोनों युवकों का अपहरण किया गया था।
अपहरणकर्ताओं ने परिजनों से 50 लाख रुपये की फिरौती की मांग की थी। इस घटना को लेकर 3 नवंबर को करमाटांड़ थाने में दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
यह भी पढ़ें: फरार आरोपियों और वारंटियों पर पलामू पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 60 गिरफ्तार, 61 वारंट निष्पादित
हथियार और वाहन भी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस, एक बोलेरो वाहन और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने एक विशेष टीम का गठन किया था। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि गिरिडीह, देवघर और जामताड़ा जिलों के अपराधियों का एक संगठित गिरोह इस अपहरण में शामिल था। गिरिडीह पुलिस की सहायता से जामताड़ा पुलिस ने इस गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।