Samachar Post रिपोर्टर,साहिबगंज :साहिबगंज जिले के मंडरो प्रखंड में मंगलवार को कृषि और सहकारिता विभाग द्वारा किसानों के बीच गेहूं बीज वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि बोरियो विधायक धनंजय सोरेन ने सभी किसानों को बारी-बारी से बीज वितरण किया। इस अवसर पर लगभग बीस किसानों को 50% अनुदान पर 40 किलोग्राम गेहूं बीज दिया गया। विधायक ने कहा कि सरकार समय से पहले किसानों को बीज उपलब्ध करा रही है ताकि वे समय पर खेतों में बुवाई कर सकें। उन्होंने यह भी बताया कि मौसम के अनुसार सभी प्रकार के बीज किसानों तक पहुंचाए जा रहे हैं। किसानों को गेहूं बीज मिलने के बाद उनकी खुशी साफ नजर आई।
यह भी पढ़ें :देवघर : बाइक सवार अपराधियों ने युवक पर की अंधाधुंध फायरिंग, हालत गंभीर
प्रखंड कार्यालय में स्टाफ नदारद, विधायक ने जताई नाराजगी
विधायक धनंजय सोरेन ने प्रखंड परिसर का निरीक्षण करते हुए देखा कि केवल तीन स्टाफ ही मौजूद थे, जबकि बीडीओ और सीओ जिला मीटिंग में गए हुए थे। विधायक ने कहा कि दूर-दराज के आदिवासी किसान पहाड़ों से चलकर प्रखंड परिसर पहुंचे, लेकिन अगर स्टाफ की कमी रही तो उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ता। इस पर विधायक ने उपायुक्त को दूरभाष पर जानकारी दी और जांच कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में आम जनता को कोई असुविधा न हो।
Reporter | Samachar Post