Samachar Post रिपोर्टर, पलामू : जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और मौसम विभाग के भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए पलामू के सभी सरकारी, गैर सरकारी और निजी स्कूल 3 सितंबर तक बंद रहेंगे। जिला प्रशासन ने KG से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों की कक्षाएं स्थगित करने का आदेश जारी किया है।
2 और 3 सितंबर को भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र, रांची की ओर से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक 2 और 3 सितंबर को पलामू में बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। लगातार बारिश के कारण जिले के कई शहरी और ग्रामीण इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई है। प्रशासन को जानकारी मिली है कि कई स्कूल परिसरों में बारिश का पानी घुस गया है। कुछ विद्यालयों के परिसर पूरी तरह जलमग्न होने की भी सूचना है। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया है। जिला प्रशासन के आदेश के अनुसार, विद्यार्थियों के लिए स्कूल बंद रहेंगे, लेकिन शिक्षकों को विद्यालय जाना होगा। उन्हें स्कूल से संबंधित नियमित प्रशासनिक और अन्य आवश्यक कार्यों का निष्पादन करना होगा।

यह भी पढ़ें : जमशेदपुर में बारिश से क्षतिग्रस्त सड़क-पुलों की होगी तत्काल मरम्मत, DC ने राहत कार्य तेज करने के दिए निर्देश
सुरक्षा को देखते हुए लिया गया फैसला
लगातार बारिश, जलजमाव और संभावित जलस्तर बढ़ने की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने विद्यार्थियों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया है। प्रशासन ने लोगों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने की अपील भी की है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

