Samachar Post डेस्क, रांची : भारतीय क्रिकेट के सुपरस्टार और पूर्व कप्तान विराट कोहली आज (5 नवंबर) अपना 37वां जन्मदिन मना रहे हैं। 1988 में दिल्ली में जन्मे कोहली ने अपने शानदार करियर में कई ऐसे रिकॉर्ड बनाए हैं जो क्रिकेट इतिहास में मील का पत्थर बन चुके हैं। मौजूदा समय में वह न सिर्फ भारत बल्कि पूरी दुनिया के सबसे स्थिर और भरोसेमंद बल्लेबाजों में गिने जाते हैं। इस खास मौके पर आइए जानते हैं विराट कोहली के 5 ऐसे वर्ल्ड रिकॉर्ड, जिन्हें तोड़ना लगभग असंभव लगता है
वनडे में सबसे ज्यादा शतक
विराट कोहली के नाम वनडे इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा 51 शतक लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड है। वह इस फॉर्मेट में शतकों का अर्धशतक पूरा करने वाले दुनिया के पहले और एकमात्र खिलाड़ी हैं।
सबसे ज्यादा ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ अवॉर्ड
कोहली अब तक 21 बार इंटरनेशनल क्रिकेट में ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ या ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुने जा चुके हैं। पहले यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर (20 बार) के नाम था। मौजूदा समय में कोई भी सक्रिय खिलाड़ी उनके इस आंकड़े के करीब नहीं पहुंच पाया है।
यह भी पढ़ें: बिहार विधानसभा चुनाव: पहले चरण का मतदान कल, 18 जिलों की 121 सीटों पर होगा वोटिंग
वनडे में सबसे तेज माइलस्टोन हासिल करने वाले बल्लेबाज
कोहली ने वनडे क्रिकेट में 8,000 से लेकर 14,000 रन तक के सभी माइलस्टोन सबसे कम पारियों में पूरे किए हैं। उन्होंने सिर्फ 267 पारियों में 13,000 रन का आंकड़ा छुआ था, यह गति सचिन तेंदुलकर से भी कहीं तेज है।
रन चेज में सबसे ज्यादा शतक
कोहली को फैंस ने ‘चेज मास्टर’ नाम दिया है और इसकी वजह वाजिब है। उन्होंने लक्ष्य का पीछा करते हुए 27 वनडे शतक जड़े हैं, जो किसी भी बल्लेबाज के लिए अब तक का सर्वाधिक रिकॉर्ड है। कोई अन्य खिलाड़ी 20 शतक तक भी नहीं पहुंच सका।
एक वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन
2023 वनडे वर्ल्ड कप में विराट कोहली ने 765 रन बनाए थे, यह किसी भी बल्लेबाज द्वारा एक वर्ल्ड कप में बनाए गए सबसे ज्यादा रन हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर (673 रन, 2003) के नाम था।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।