Samachar Post डेस्क, रांची : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की सुरक्षा में बड़ी लापरवाही का मामला केरल के प्रमदम से सामने आया। बुधवार सुबह राजीव गांधी इंडोर स्टेडियम में उनके वायु सेना के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के दौरान नया बनाया गया कंक्रीट हेलीपैड धंस गया। इससे हेलीकॉप्टर एक गड्ढे में फंस गया, हालांकि किसी तरह का बड़ा हादसा नहीं हुआ।
हादसे के कारण
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रपति के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए आखिरी समय में जगह तय की गई थी। हेलीपैड मंगलवार देर रात तैयार किया गया था, लेकिन कंक्रीट पूरी तरह सूख नहीं पाया था। हेलीकॉप्टर के भारी वजन के कारण लैंडिंग के समय हेलीपैड धंस गया और गड्ढे बन गए। लैंडिंग के बाद राष्ट्रपति सड़क मार्ग से पंबा के लिए रवाना हो गईं। इसके बाद पुलिस और अग्निशमन टीम ने हेलीकॉप्टर को गड्ढे से निकालने का प्रयास किया। अधिकारी ने बताया कि हेलीकॉप्टर की लैंडिंग पहले पंबा के पास निलक्कल में होनी थी, लेकिन खराब मौसम के कारण प्रमदम में लैंडिंग करानी पड़ी। कंक्रीट के जमने से पहले ही हेलीकॉप्टर उतारने से यह हादसा हुआ।
यह भी पढ़ें: बोकारो स्टील प्लांट में हादसा: इलेक्ट्रिकल फ्लैश से दो मजदूर झुलसे, अस्पताल में भर्ती
राष्ट्रपति का दक्षिणी दौरा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू चार दिवसीय दक्षिणी राज्यों के दौरे पर हैं। मंगलवार शाम वे तिरुवनंतपुरम पहुंचीं और बुधवार को पथनमथिट्टा जिले में सबरीमाला मंदिर दर्शन के लिए गईं। इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं और प्रशासन इसकी जांच में जुट गया है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।