Samachar Post डेस्क, रांची : भारतीय क्रिकेट टीम के सफल कप्तानों में शुमार महेंद्र सिंह धोनी ने क्रिकेट मैदान से बाहर भी नई उड़ान भरी है। धोनी ने चेन्नई स्थित अग्रणी ड्रोन निर्माता कंपनी गरुड़ एयरोस्पेस से DGCA (नागर विमानन महानिदेशालय) प्रमाणित ड्रोन पायलट ट्रेनिंग पूरी कर ली है। हालांकि यह ट्रेनिंग विमान उड़ाने के लिए नहीं, बल्कि ड्रोन संचालन के लिए है। इसका मतलब है कि अब धोनी कानूनी रूप से ड्रोन उड़ाने के योग्य हैं, लेकिन प्लेन उड़ाने का अधिकार इस प्रशिक्षण के तहत नहीं आता।
सोशल मीडिया पर साझा की खुशी
धोनी, जो गरुड़ एयरोस्पेस के ब्रांड एंबेसडर भी हैं, ने इस उपलब्धि की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की। उन्होंने बताया कि उन्होंने गरुड़ के रिमोट पायलट ट्रेनिंग ऑर्गेनाइजेशन (RPTO) से यह DGCA मान्यता प्राप्त कोर्स पूरा किया है। उनके प्रशिक्षकों ने सोशल मीडिया पर लिखा, “जब दिग्गज नवाचार चुनते हैं, तो वे गरुड़ को चुनते हैं। एमएस धोनी अब DGCA प्रमाणित ड्रोन पायलट हैं। इस पोस्ट को सोशल मीडिया पर खूब सराहना मिली और हजारों लोगों ने इसे लाइक व रीपोस्ट किया।
यह भी पढ़ें : ट्रिपल मर्डर से दहला लोहरदगा: डायन-बिसाही के शक में पति, पत्नी और बच्चे की हत्या
गरुड़ एयरोस्पेस का योगदान
गरुड़ एयरोस्पेस के अनुसार, धोनी उन 2,500 से अधिक प्रशिक्षित पायलटों में शामिल हो गए हैं जिन्हें संस्था अब तक प्रशिक्षण दे चुकी है। प्रशिक्षकों ने धोनी को व्यावहारिक और तकनीकी ट्रेनिंग प्रदान की। धोनी ने कहा कि वे गरुड़ एयरोस्पेस के साथ भविष्य में और सहयोग करने के लिए उत्साहित हैं।
महेंद्र सिंह धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है, लेकिन आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेल रहे हैं। क्रिकेट के अलावा धोनी को बाइक चलाने का शौक है और वे भारतीय सेना में मानद लेफ्टिनेंट कर्नल भी हैं। अब ड्रोन उड़ाने की योग्यता जोड़कर उन्होंने तकनीक की दुनिया में भी अपनी पहचान मजबूत कर दी है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।