Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : झारखंड के यात्रियों के लिए राजस्थान की राजधानी जयपुर तक रेल यात्रा करना अब आसान होगा। सोमवार को टाटानगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 से संतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस का शुभारंभ किया गया। जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। कार्यक्रम में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े। इस दौरान रेलवे के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
खाटू श्याम जाने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगी सुविधा
नई ट्रेन के शुरू होने से झारखंड के यात्रियों को राजस्थान के साथ उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख शहरों तक पहुंचने के लिए सीधी रेल सुविधा मिलेगी। जयपुर जाने वाले यात्रियों के अलावा खाटू श्याम मंदिर में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं को भी इसका लाभ मिलने की उम्मीद है। ट्रेन प्रयागराज, कानपुर और आगरा जैसे प्रमुख शहरों से होकर गुजरेगी।
टाटानगर में क्या होगी ट्रेन की टाइमिंग?
रेलवे बोर्ड की ओर से जारी समय-सारिणी के अनुसार, ट्रेन संख्या 18061 संतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस रात 10:50 बजे टाटानगर पहुंचेगी और 11:05 बजे रवाना होगी। वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 18062 खातीपुरा-संतरागाछी एक्सप्रेस दोपहर 3:05 बजे टाटानगर पहुंचेगी और 3:10 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन करीब 1,677 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इसका परिचालन सप्ताह में एक दिन होगा। संतरागाछी से ट्रेन बुधवार और खातीपुरा से शुक्रवार को चलेगी। इसमें एलएचबी रैक का इस्तेमाल किया जाएगा, जिसके रखरखाव की जिम्मेदारी संतरागाछी को सौंपी गई है।
रांची समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव
निर्धारित मार्ग के अनुसार, ट्रेन चांडिल, पुरुलिया, मुरी, रांची, लोहरदगा, टोरी, लातेहार, बरवाडीह, डालटनगंज, गढ़वा रोड, जपला, डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, मिर्जापुर, प्रयागराज, फतेहपुर, कानपुर सेंट्रल, टूंडला, आगरा, बांदीकुई और दौसा समेत कई स्टेशनों पर रुकेगी। खातीपुरा स्टेशन से जयपुर शहर की दूरी करीब 17 किलोमीटर है। ऐसे में जयपुर और आसपास के इलाकों में जाने वाले यात्रियों को भी इस ट्रेन से सुविधा मिल सकेगी। उद्घाटन कार्यक्रम के लिए टाटानगर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर विशेष तैयारी की गई थी। नई ट्रेन की बोगियों को फूलों से सजाया गया था। कार्यक्रम में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा दास साहू और डीआरएम तरुण हुरिया समेत रेलवे के अधिकारी मौजूद रहे।






















