Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड के बुंडू अंचल की छह पंचायतों के 18 गांवों में ऑनलाइन खतियान में जाति का नाम गलत दर्ज होने का मामला सामने आया है। इससे परेशान मुंडा समाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर समस्या के समाधान की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि ऑनलाइन खतियान में ‘मुंडा’ की जगह ‘स्वासी’ दर्ज होने से ग्रामीणों को विभिन्न प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
छह पंचायतों के 18 गांवों का मामला
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से यह मुलाकात रांची के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हुई। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि तमाड़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बुंडू अंचल की छह पंचायतों के 18 गांवों के ऑनलाइन खतियान में जाति का नाम गलत अंकित है। प्रतिनिधिमंडल ने इस त्रुटि के कारण ग्रामीणों को हो रही समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया और रिकॉर्ड में सुधार कराने का अनुरोध किया।
CM ने दिया नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मांग की कि ऑनलाइन खतियान में ‘स्वासी’ के स्थान पर ‘मुंडा’ दर्ज किया जाए। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की दिशा में पहल करने का आश्वासन दिया।इस मौके पर तमाड़ के विधायक विकास मुंडा भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल को उम्मीद है कि रिकॉर्ड में सुधार होने से संबंधित गांवों के ग्रामीणों को राहत मिलेगी।




















