Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची में शनिवार सुबह सड़क सुरक्षा को लेकर एक अनोखा जागरूकता अभियान चलाया गया। दलादली चौक पर वाहन जांच के दौरान यमराज के वेश में मौजूद व्यक्ति ने वाहन चालकों का ध्यान खींचा। अभियान के जरिए लोगों को यातायात नियमों का पालन करने और सड़क पर लापरवाही से बचने का संदेश दिया गया। इस दौरान परिवहन सचिव भी मौजूद रहे। वाहन जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों को गुलाब का फूल देकर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया। इसका उद्देश्य लोगों को यह समझाना था कि यातायात नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की जिंदगी सुरक्षित रखने के लिए जरूरी है।
यमराज के किरदार से दिया सड़क सुरक्षा का संदेश
अभियान में यमराज के किरदार के माध्यम से वाहन चालकों को लापरवाही के गंभीर परिणामों के प्रति सचेत किया गया। लोगों से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और यातायात संकेतों का ध्यान रखने की अपील की गई।
छोटी-सी लापरवाही बन सकती है बड़े हादसे की वजह
सड़क सुरक्षा अभियान का संदेश स्पष्ट था कि वाहन चलाते समय सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। तेज रफ्तार, हेलमेट या सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं करना और यातायात नियमों की अनदेखी हादसों का जोखिम बढ़ा सकती है। इस तरह की पहल के जरिए वाहन चालकों को नियमों के प्रति जागरूक करने और सुरक्षित ड्राइविंग की आदत अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।





















