मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

चक्रधरपुर स्टेशन पर ट्रेन के टॉयलेट में मिला यात्री का शव, गमछे के सहारे लटका था व्यक्ति

--Advertisment--

Samachar Post रिपोर्टर, चक्रधरपुर : झारखंड के चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पर शनिवार को मुंबई-शालीमार समरसता एक्सप्रेस के स्लीपर कोच के टॉयलेट में एक यात्री का शव मिलने से यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। टॉयलेट का दरवाजा काफी देर तक बंद रहने के बाद यात्रियों ने अंदर झांककर देखा, तो एक व्यक्ति फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF), राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) और रेलवे अस्पताल की मेडिकल टीम मौके पर पहुंची। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।

काफी देर तक बंद रहा टॉयलेट का दरवाजा

जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 12151 के स्लीपर कोच एस-7 का टॉयलेट काफी देर से बंद था। इस्तेमाल के लिए इंतजार कर रहे यात्रियों ने जब दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद यात्रियों ने अंदर झांककर देखा, जहां एक व्यक्ति गमछे के सहारे लटका दिखाई दिया। यात्रियों ने इसकी सूचना ट्रेन में मौजूद टीटीई को दी। इसके बाद रेल मंडल के कंट्रोल रूम को जानकारी दी गई और संबंधित विभागों को अलर्ट किया गया।

चक्रधरपुर स्टेशन पर खुलवाया गया दरवाजा

ट्रेन के चक्रधरपुर स्टेशन पहुंचने पर आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने टॉयलेट का दरवाजा खुलवाया। स्टेशन मास्टर और अन्य रेलकर्मियों की मदद से व्यक्ति को नीचे उतारा गया। उसे प्लेटफॉर्म नंबर दो पर रखा गया, जहां रेलवे अस्पताल से पहुंचीं चिकित्सक डॉ. रश्मि ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। इसके बाद जीआरपी ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों का पता लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

मृतक की पहचान और मौत की वजह की जांच

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, व्यक्ति अकेले यात्रा कर रहा था। वह किस स्टेशन से ट्रेन में चढ़ा था और उसे कहां जाना था, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। पुलिस मृतक की पहचान करने और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Samachar Post App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां। रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Meenu

Reporter  |  Samachar Post

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment