Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड की राजधानी रांची में कोचिंग जा रही एक छात्रा के अपहरण की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाइक सवार युवक ने छात्रा को जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास किया। छात्रा के विरोध करने पर उसने गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और उसके बाल पकड़कर खींचे। छात्रा के शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
करमटोली और जेल चौक के बीच हुई घटना
मामला रांची के लालपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, मोरहाबादी इलाके में रहने वाली छात्रा रविवार सुबह करीब 8 बजे करमटोली से जेल चौक होते हुए लालपुर स्थित एक संस्थान में कोचिंग के लिए जा रही थी। इसी दौरान करमटोली और जेल चौक के बीच बाइक सवार एक युवक उसके पास पहुंचा और उसे जबरन बाइक पर बैठाने की कोशिश करने लगा।

विरोध करने पर दी जान से मारने की धमकी
छात्रा की ओर से थाने में दिए गए आवेदन के मुताबिक, विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि युवक ने छात्रा के बाल पकड़कर खींचे और गलत नीयत से उसे छुआ। इसके बाद छात्रा ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और आरोपी को पकड़ लिया।
बिहार के भोजपुर का रहने वाला है आरोपी
स्थानीय लोगों ने आरोपी को लालपुर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान गोलू कुमार के रूप में हुई है। वह बिहार के भोजपुर जिले का रहने वाला बताया जा रहा है और फिलहाल रांची में किराये के मकान में रहता है। छात्रा ने लालपुर थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।


















