Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : जामताड़ा थाना क्षेत्र के मोहड़ा में रविवार अहले सुबह करीब चार बजे बालू लदा 14 चक्का हाईवा दुर्घटनाग्रस्त हो गया। सामने चल रहे ट्रक को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद हाईवा पेड़ से टकराकर खेत में जा घुसा। हादसे में चालक और हेल्पर बाल-बाल बच गए, जबकि वाहन का अगला शीशा और केबिन क्षतिग्रस्त हो गया।
दो JCB और क्रेन की मदद से निकाला गया हाईवा
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। खेत में फंसे हाईवा को बाहर निकालने के लिए दो JCB और एक क्रेन की मदद ली गई। काफी मशक्कत के बाद वाहन को खेत से बाहर निकाला जा सका। बताया जा रहा है कि हाईवा बिहार से बालू लेकर पश्चिम बंगाल जा रहा था। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। गनीमत रही कि दुर्घटना में चालक और हेल्पर को गंभीर चोट लगने की सूचना नहीं है।
बालू के स्रोत और चालान पर उठे सवाल
स्थानीय सूत्रों ने हाईवा में लदे बालू के स्रोत और उससे जुड़े चालान को लेकर सवाल उठाए हैं। हालांकि, इन दावों की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही बालू के स्रोत और परिवहन से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।





















