Samachar Post रिपोर्टर, देवघर : भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन शनिवार को देवघर के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। सबसे पहले उपराष्ट्रपति एम्स देवघर के दूसरे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लेंगे और सफल मेडिकल विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान करेंगे। इसके बाद वह दर्दमारा स्थित बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट परिसर में आयोजित सैन्य मेले के समापन समारोह में शामिल होंगे।
सुबह 11 बजे एम्स के दीक्षांत समारोह में लेंगे हिस्सा
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन सुबह 10:10 बजे विशेष विमान से देवघर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद सुबह 11 बजे एम्स देवघर के दूसरे दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान वह सफल मेडिकल विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान कर उन्हें सम्मानित करेंगे। उपराष्ट्रपति के आगमन को लेकर एम्स परिसर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम में संस्थान के अधिकारी, चिकित्सक और विद्यार्थी शामिल होंगे।

सैन्य मेले के समापन समारोह में भी होंगे शामिल
एम्स के कार्यक्रम के बाद उपराष्ट्रपति दोपहर 12:45 बजे दर्दमारा स्थित बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट परिसर के बीबीएमटी अस्पताल पहुंचेंगे। यहां वह सैन्य मेले के समापन समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान सेना के विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाओं और चिकित्सा संबंधी गतिविधियों को देखेंगे। उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर दोनों कार्यक्रम स्थलों पर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वह दोपहर 2:10 बजे विशेष विमान से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।





















