Samachar Post रिपोर्टर, हजारीबाग : बड़कागांव में कोयला ढुलाई में लगे पीआरसीएल कंपनी के हाइवा वाहन की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान सोनबरसा गांव निवासी रामदेव रजक (50) के रूप में हुई है। रामदेव बड़कागांव के प्रेम नगर में रहते थे और पीआरसीएल कंपनी में ही काम करते थे।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने सड़क पर रखा शव
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने शव को हजारीबाग-बड़कागांव मुख्य सड़क पर रखकर जाम कर दिया। इसके कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन प्रभावित रहा। पीआरसीएल कंपनी एनटीपीसी के पकरी बरवाडीह कोल माइंस से बानादाग रेलवे साइडिंग तक कोयला ढुलाई का काम करती है। हादसे में इसी कंपनी के कोयला ढुलाई वाहन की चपेट में आने से मजदूर की जान गई।
ग्रामीणों ने कोयला ढुलाई व्यवस्था पर उठाए सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि हजारीबाग-बड़कागांव मुख्य सड़क पर लगातार सड़क हादसे होते रहते हैं और अब तक कई लोगों की जान जा चुकी है। ग्रामीणों ने कोयला ढुलाई की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए हादसे के लिए एनटीपीसी प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है। ग्रामीणों ने सड़क पर कोयला ढुलाई करने वाले वाहनों की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी जताई है।






















