- 9-10 अक्टूबर को इंडिया टुडे कॉन्क्लेव में होंगे शामिल
Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड के युवा नेता और सामाजिक कार्यकर्ता देवेंद्र नाथ महतो राज्य के युवाओं, रोजगार और श्रमिकों से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय मंच पर उठाने के लिए मुंबई पहुंचे हैं। वह 9 और 10 अक्टूबर को मुंबई में आयोजित दो दिवसीय इंडिया टुडे कॉन्क्लेव में शामिल होंगे।कॉन्क्लेव के पहले दिन युवा राजनीति पर आयोजित विशेष सत्र में देवेंद्र नाथ महतो अपनी बात रखेंगे। इस दौरान युवाओं की राजनीतिक भागीदारी, रोजगार और नई पीढ़ी की अपेक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
युवा राजनीति और नई पीढ़ी की सोच पर होगी चर्चा
मुंबई के द फोर सीजन्स होटल में आयोजित कॉन्क्लेव में राजनीति, अर्थव्यवस्था, तकनीक, सामाजिक बदलाव और युवा नेतृत्व समेत कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। ‘व्हाट्स ऑन यंग इंडियाज पॉलिटिकल विशलिस्ट’ सत्र में युवाओं की बदलती राजनीतिक सोच, लोकतंत्र में उनकी भागीदारी और नई पीढ़ी की प्राथमिकताओं पर मंथन किया जाएगा। देवेंद्र नाथ महतो इस मंच पर झारखंड के युवाओं से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर रखने की बात कह रहे हैं।
प्रवासी मजदूरों के बीच भी करेंगे संवाद
कॉन्क्लेव से पहले देवेंद्र नाथ महतो का प्रवासी मजदूरों के बीच भी कार्यक्रम निर्धारित है। 8 अक्टूबर को अंधेरी ईस्ट स्थित भारतवन गार्डन में वह प्रवासी मजदूरों को संबोधित करेंगे। इसके बाद बेलापुर में आयोजित ‘श्रमवीर संवाद’ में श्रमिकों से बातचीत करेंगे। इस दौरान प्रवासी मजदूरों की समस्याओं, रोजगार और उनकी अपेक्षाओं को समझने का प्रयास किया जाएगा।
रांची एयरपोर्ट पर मिली पुस्तक और शुभकामनाएं
मुंबई रवाना होने से पहले रांची एयरपोर्ट पर सेवानिवृत्त लेखक अनंत महतो ने देवेंद्र नाथ महतो को वर्तमान आंदोलन पर आधारित अपनी स्वरचित पुस्तक भेंट की। वहीं JLKM रांची जिला अध्यक्ष गुना भगत ने पुष्पमाला पहनाकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। मुंबई में होने वाले कार्यक्रमों के जरिए देवेंद्र नाथ महतो युवाओं और प्रवासी श्रमिकों से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय मंच पर रखने की कोशिश करेंगे।





















