Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन का बुधवार शाम निधन हो गया। उन्होंने रांची के हिल व्यू अस्पताल में अंतिम सांस ली। अस्पताल के एक अधिकारी के मुताबिक, रूपी सोरेन की हालत गंभीर थी और उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। वे 80 वर्ष की थीं। रूपी सोरेन को 18 सितंबर को सांस लेने में तकलीफ के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पिछले कुछ समय से उनकी तबीयत खराब चल रही थी और डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही थी।
बेहतर इलाज के लिए हैदराबाद भी ले गए थे हेमंत सोरेन
इससे पहले 7 सितंबर को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी मां को बेहतर इलाज के लिए हैदराबाद लेकर गए थे। वहां उनकी तबीयत में सुधार की जानकारी सामने आई थी। हालांकि रांची लौटने के बाद उनकी तबीयत फिर बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
शिबू सोरेन के निधन के बाद परिवार पर एक और दुख
रूपी सोरेन झामुमो संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की पत्नी थीं। शिबू सोरेन का 4 अगस्त 2025 को दिल्ली में इलाज के दौरान निधन हुआ था। उनके निधन के बाद रूपी सोरेन ने जून 2026 में उन्हें मरणोपरांत दिए गए पद्म भूषण सम्मान को राष्ट्रपति से ग्रहण किया था। रूपी सोरेन के निधन की खबर सामने आने के बाद झारखंड के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की प्रतिक्रिया सामने आई है। परिवार और समर्थकों के बीच भी शोक का माहौल है।





















