Samachar Post रिपोर्टर, रांची : इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को रांची स्थित चुनाव आयोग कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते हुए घेराव किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पार्टी का झंडा लेकर कार्यालय पहुंचे और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता लगातार “ज्ञानेश कुमार हटाओ” और “ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो” जैसे नारे लगाते रहे।
चुनाव आयोग कार्यालय के बाहर बैरिकेडिंग
प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने चुनाव आयोग कार्यालय के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी। प्रदर्शनकारियों को मुख्य गेट तक पहुंचने से रोकने के लिए पहले से ही बैरिकेडिंग की गई थी। कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता जमा रहे। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग के आगे पहुंचकर नारेबाजी की और उसे पार करने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिसकर्मियों और प्रदर्शनकारियों के बीच नोकझोंक भी हुई।
पिछले प्रदर्शन के बाद बढ़ाई गई सुरक्षा
इससे पहले कांग्रेस के चुनाव आयोग घेराव के दौरान प्रदर्शनकारी मुख्य गेट तक पहुंच गए थे। उस दौरान गेट खोलने और बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश की गई थी। इसी को देखते हुए इस बार पुलिस ने चुनाव आयोग कार्यालय के बाहर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की थी। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा और बैरिकेडिंग के जरिए प्रदर्शनकारियों को मुख्य प्रवेश द्वार तक जाने से रोका गया। वहीं, प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग के सामने डटे रहे और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध जताते रहे।




















