Samachar Post रिपोर्टर, पटना : पटना स्नातक सीट से जेडीयू के एमएलसी प्रत्याशी नीरज कुमार ने नामांकन से पहले बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर अपनी रणनीति और मुद्दे स्पष्ट किए। उन्होंने एनडीए की सभी आठ सीटों पर जीत का दावा किया और कहा कि इस चुनाव में असली मुकाबला बिहार के विकास मॉडल को लेकर है।
नालंदा यूनिवर्सिटी से लेकर चरवाहा विद्यालय तक का जिक्र
नीरज कुमार ने कहा कि चुनाव में मुख्य मुद्दा बिहार के विकास का मॉडल है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या चुनाव में नालंदा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी, नालंदा स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का मॉडल चलेगा या फिर चरवाहा विद्यालय का मॉडल। उनके मुताबिक, चुनाव की असली लड़ाई इन्हीं विकास के मॉडलों के बीच है। उन्होंने कहा कि एनडीए आठ सीटों पर चुनाव लड़ रहा है और गठबंधन सभी सीटों पर जीत दर्ज करेगा।
अनंत सिंह के बयान पर नीरज कुमार का पलटवार
अनंत सिंह के उस बयान पर भी नीरज कुमार ने प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने नीरज कुमार को चुनाव हराने की बात कही थी। इस पर जेडीयू प्रत्याशी ने कहा कि किसी व्यक्ति से बड़ी पार्टी होती है और पार्टी से भी बड़ा गठबंधन होता है। नीरज कुमार ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बिहार की राजनीति का बड़ा पावर सेंटर बताते हुए कहा कि समाज के हर वर्ग के लोग उनके साथ जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार का आशीर्वाद उनके लिए सबसे बड़ी राजनीतिक पूंजी है।
नीतीश कुमार मेरे लिए राजनीतिक मापदंड हैं
नीरज कुमार ने अनंत सिंह के उस बयान पर भी जवाब दिया, जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर नीतीश कुमार उन्हें मानते तो उनकी बात मान लेते। नीरज कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार उनके लिए सिर्फ नेता नहीं, बल्कि राजनीतिक मापदंड हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के भीतर किसी व्यक्ति से मतभेद को व्यक्तिगत लड़ाई का रूप देना उचित नहीं है। उनके लिए पार्टी सबसे ऊपर है और उनका पूरा फोकस जेडीयू, एनडीए और नीतीश कुमार के नेतृत्व पर है।
ललन सिंह के सवाल पर भी दिया जवाब
केंद्रीय मंत्री और जेडीयू सांसद ललन सिंह को लेकर पूछे गए सवाल पर नीरज कुमार ने कहा कि वह पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं। पार्टी ने जो फैसला किया है, उसके साथ सभी को रहना चाहिए। वहीं, अपनी जीत को लेकर नीरज कुमार ने कोई निश्चित दावा नहीं किया। उन्होंने कहा कि वह ज्योतिषी नहीं हैं, इसलिए जीत-हार की भविष्यवाणी नहीं कर सकते। हालांकि, नामांकन के दौरान समर्थकों की भीड़ देखकर उन्होंने अपने आत्मविश्वास का संकेत जरूर दिया।





















