Samachar Post डेस्क, रांची : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को फ्लायदुबई के पायलट कैप्टन स्मित मच्छार से फोन पर बात की और विमान में हुई आपात स्थिति के दौरान उनके साहस की सराहना की। पीएम मोदी ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।
गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद संभाला मोर्चा
कैप्टन स्मित मच्छार ने प्रधानमंत्री को घटना के दौरान अपने अनुभव के बारे में बताया। रिपोर्टों के मुताबिक, 30 सितंबर को फ्लायदुबई की फ्लाइट FZ1073 दुबई से तेल अवीव जा रही थी। इसी दौरान कॉकपिट में सह-पायलट ने कैप्टन स्मित पर हमला कर दिया। हमले में घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित ने कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया, जिसके बाद यात्रियों और क्रू के सदस्यों को अंदर पहुंचकर हमलावर को काबू करने में मदद मिली। विमान में 174 लोग सवार थे।
विमान की तबुक में हुई सुरक्षित लैंडिंग
घटना के बाद विमान को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किया गया, जहां उसकी सुरक्षित लैंडिंग हुई। कैप्टन स्मित को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। ताजा रिपोर्टों के अनुसार उनकी हालत में सुधार हो रहा है। बाद में उन्हें आगे के इलाज के लिए यूएई ले जाया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने बातचीत के दौरान कैप्टन स्मित की बहादुरी और सूझ-बूझ की प्रशंसा की। इससे पहले प्रधानमंत्री ने उनके माता-पिता और पत्नी से भी फोन पर बात कर उन्हें ढांढस बंधाया था। फ्लाइट में हुई इस घटना की जांच संबंधित एजेंसियां कर रही हैं। घटना के कारणों और हमले की परिस्थितियों को लेकर जांच जारी है।






















