Samachar Post रिपोर्टर, साहिबगंज : गंगा नदी के तेज कटाव के कारण साहिबगंज-बरहरवा रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हो गया है। सकरीगली और महाराजपुर के बीच रेलवे ट्रैक के पास मिट्टी धंसने और तटबंध कमजोर होने के बाद डाउन लाइन पर यात्री और मालगाड़ियों का परिचालन रोक दिया गया है। रेलवे की टीमें युद्धस्तर पर कटावरोधी और मरम्मत कार्य में जुटी हैं।
कई ट्रेनें रद्द, यात्रियों को परेशानी
रेलवे की ओर से 1 अक्टूबर 2026 को इस रूट की कई ट्रेनों को रद्द किया गया है। इनमें 13409 मालदा टाउन-किऊल एक्सप्रेस, 13427 हावड़ा-साहिबगंज इंटरसिटी एक्सप्रेस, 13428 साहिबगंज-हावड़ा एक्सप्रेस और 13410 किऊल-मालदा टाउन इंटरसिटी एक्सप्रेस शामिल हैं। इसके अलावा 63401/63402 साहिबगंज-मालदा टाउन MEMU, 63411/63412 साहिबगंज-भागलपुर MEMU, 63063/63064 बर्द्धमान-साहिबगंज MEMU, 63405/63406 साहिबगंज-रामपुरहाट MEMU और 63421/63422 आजीमगंज-साहिबगंज MEMU समेत कई सेवाएं भी प्रभावित हैं। राजमहल-टिनपहाड़ पैसेंजर की कुछ सेवाओं पर भी असर पड़ा है।
कई ट्रेनों के बदले गए रूट
परिचालन प्रभावित होने के कारण कुछ लंबी दूरी की ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाया जा रहा है। 20502 तेजस राजधानी और 15657 ब्रह्मपुत्र मेल को जमालपुर-मुंगेर-कटिहार रूट से चलाया जा रहा है। वहीं 13404 वनांचल एक्सप्रेस और 13072 जमालपुर-हावड़ा एक्सप्रेस को भागलपुर-दुमका-रामपुरहाट होकर चलाया गया है। 13024 गया-हावड़ा एक्सप्रेस और 03030 नटेश्वर-हावड़ा स्पेशल को किऊल-झाझा-आसनसोल मार्ग से चलाने की व्यवस्था की गई है। कुछ ट्रेनों को बीच के स्टेशनों से ही शॉर्ट टर्मिनेट या रवाना किया जा रहा है।
ट्रैक बचाने के लिए युद्धस्तर पर मरम्मत
महाराजपुर और सकरीगली के बीच झुंझरी पुल के पास रेलवे ट्रैक के किनारे कटाव तेज हुआ है। रेलवे ने प्रभावित हिस्से को सुरक्षित रखने के लिए बोल्डर, गिट्टी और अन्य सामग्री डालकर मरम्मत और कटावरोधी कार्य शुरू किया है। अधिकारियों और इंजीनियरों की टीमें मौके पर तैनात हैं और काम लगातार जारी है। रेलवे के अनुसार, अप लाइन पर प्रतिबंधित गति के साथ परिचालन किया जा रहा है, जबकि डाउन लाइन को सुरक्षा कारणों से बंद रखा गया है।
भागलपुर-साहिबगंज के बीच विशेष पैसेंजर ट्रेन
यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे की ओर से भागलपुर और साहिबगंज के बीच विशेष पैसेंजर सेवा भी चलाई जा रही है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का ताजा रनिंग स्टेटस जरूर जांच लें, क्योंकि परिचालन और रूट में बदलाव की स्थिति बनी हुई है। रेलवे के मुताबिक कटावरोधी कार्य पूरा होने के बाद ही डाउन लाइन पर सामान्य परिचालन बहाल किया जाएगा।




















