Samachar Post रिपोर्टर, लातेहार : महुआडांड़ थाना क्षेत्र के काठो मोड़ स्थित पुल के पास बुधवार को सड़क हादसे में एक 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान पारही केनाटोली निवासी सतेंद्र सिंह के रूप में हुई है। हादसे के बाद रोलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
मवेशी चराते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, सतेंद्र सिंह काठो मोड़ के पास मवेशी चरा रहे थे। इसी दौरान महुआडांड़ से हामी की ओर जा रहे एक रोड रोलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। रोलर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
पीएमजीएसवाई सड़क निर्माण कार्य से जुड़ा था रोलर
बताया जा रहा है कि उक्त रोलर एके एंड आरके जेवी, सिंगरा खुर्द, डालटनगंज के संवेदक द्वारा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य में इस्तेमाल हो रहा था। हादसे की सूचना मिलने के बाद महुआडांड़ थाना प्रभारी अमित कुमार रविदास पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, फरार रोलर चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों और वाहन से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच कर रही है। घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है।






















