मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

गिरिडीह में 13 वर्षीय नाबालिग की जबरन शादी कराने का आरोप, युवक से सिंदूर डलवाने का वीडियो वायरल

--Advertisment--

Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : गिरिडीह के तिसरी प्रखंड के लोकाय नयनपुर थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय नाबालिग लड़की की कथित तौर पर जबरन शादी कराने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक के साथ लड़की के पकड़े जाने के बाद कुछ ग्रामीणों ने दबाव बनाकर युवक से उसकी मांग में सिंदूर डलवाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की भी बात सामने आई है। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद वीडियो हटाए जाने की जानकारी दी गई है।

बातचीत करने घर आया था युवक, ग्रामीणों ने पकड़ लिया

जानकारी के अनुसार, करीब तीन दिन पहले नाबालिग लड़की और एक युवक को ग्रामीणों ने एक साथ पकड़ा था। लड़की के मुताबिक, युवक उससे बातचीत करने के लिए उसके घर आया था। इसी दौरान ग्रामीणों ने दोनों को पकड़ लिया। आरोप है कि इसके बाद युवक पर नाबालिग की मांग में सिंदूर डालने के लिए दबाव बनाया गया। नाबालिग के अनुसार, युवक ने अपने परिजनों को सूचना देने के लिए समय मांगा था, लेकिन कथित तौर पर ग्रामीणों ने उसकी बात नहीं मानी।

परिजनों ने दबाव बनाकर सिंदूर डलवाने का लगाया आरोप

नाबालिग के परिजनों ने आरोप लगाया है कि कुछ ग्रामीणों ने युवक पर दबाव बनाकर सिंदूर डलवाया। मामले में एक ग्रामीण परिवार का नाम भी सामने आया है, हालांकि संबंधित पक्ष ने कहा है कि घटना में केवल उनके परिवार के लोग शामिल नहीं थे और गांव के कई लोगों की मौजूदगी में यह हुआ। घटना के बाद नाबालिग ने अपने परिजनों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद गांव में स्थानीय स्तर पर बैठक कर मामले को सुलझाने की कोशिश किए जाने की भी बात सामने आई है। हालांकि बैठक में क्या निर्णय हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है।

चाइल्डलाइन टीम ने नाबालिग और परिजनों से ली जानकारी

मामले की जानकारी मिलने के बाद चाइल्डलाइन से जुड़े अजय कुमार समेत टीम नाबालिग के घर पहुंची। टीम ने नाबालिग और उसके परिजनों से घटना की जानकारी ली और मामले की सूचना जिला स्तर पर दी। चाइल्डलाइन से जुड़े लोगों ने इसे गंभीर मामला बताते हुए पूरे घटनाक्रम की जांच की बात कही है।

एसडीपीओ बोले- प्रारंभिक जानकारी में युवक-नाबालिग के बीच संबंध की बात

मामले में खोरीमहुआ एसडीपीओ ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में नाबालिग लड़की और युवक के बीच कथित प्रेम संबंध की बात सामने आई है। उनके अनुसार, रात में युवक को लड़की के घर जाते हुए कुछ महिलाओं ने देखा था। इसके बाद ग्रामीणों की ओर से दोनों की शादी कराने का प्रयास किया गया। एसडीपीओ ने बताया कि इसी दौरान सिंदूर डलवाने का वीडियो बनाया गया और सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया था। थाना प्रभारी के कहने पर वीडियो हटवा दिया गया।

लिखित शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, फिलहाल किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। एसडीपीओ ने कहा कि शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि नाबालिग लड़की और युवक फिलहाल अपने-अपने परिवार के साथ रह रहे हैं। मामले में पुलिस, चाइल्डलाइन और संबंधित अधिकारियों की ओर से घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है। नाबालिग की उम्र को देखते हुए मामले में बाल संरक्षण से जुड़े कानूनी प्रावधान भी महत्वपूर्ण होंगे।

Samachar Post App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां। रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Rupa Kumari

Reporter | Samachar Postमैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।See Profile

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment