मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

झारखंड में शहरी गरीबों के स्वास्थ्य के लिए ₹4.30 करोड़ जारी, पांच जिलों को मिली राशि

--Advertisment--

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड सरकार ने शहरी बस्तियों में रहने वाले गरीब परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए ₹4.30 करोड़ से अधिक की राशि जारी की है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत यह राशि मदर टेरेसा एडवांस हेल्थ क्लिनिक यानी मुख्यमंत्री हाट बाजार एवं मोहल्ला क्लिनिक के संचालन और प्रबंधन के लिए दी गई है। स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के आदेश के अनुसार, राशि राज्य के पांच जिलों को आवंटित की गई है।

धनबाद को सबसे ज्यादा, पांच जिलों को मिली राशि

सरकार ने सामान्य क्षेत्र के लिए कुल ₹3,65,85,600 जारी किए हैं। इसमें धनबाद को ₹1,85,42,400, देवघर को ₹1,41,76,800 और चतरा को ₹38,66,400 दिए गए हैं। वहीं, जनजातीय क्षेत्र के लिए ₹64,44,000 जारी किए गए हैं। इसमें पश्चिमी सिंहभूम को ₹51,55,200 और सिमडेगा को ₹12,88,800 मिले हैं। इस तरह पांचों जिलों को कुल ₹4,30,29,600 की राशि उपलब्ध कराई गई है।

शहरी गरीबों को स्थानीय स्तर पर मिलेगी स्वास्थ्य सुविधा

मदर टेरेसा एडवांस हेल्थ क्लिनिक के तहत मुख्यमंत्री हाट बाजार और मोहल्ला क्लिनिक के संचालन का उद्देश्य शहरी बस्तियों और जरूरतमंद आबादी तक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाना है। सरकार की ओर से जारी राशि का इस्तेमाल इन केंद्रों के संचालन और प्रबंधन में किया जाएगा। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि संबंधित जिलों के सिविल सर्जन राशि की निकासी और खर्च के लिए जिम्मेदार होंगे। राशि जिला कोषागार के माध्यम से निकाली जाएगी।

खर्च का देना होगा पूरा हिसाब

सरकार ने निर्देश दिया है कि राशि खर्च होने के बाद संबंधित जिलों को उपयोगिता प्रमाण-पत्र और खर्च का पूरा विवरण स्वास्थ्य विभाग और महालेखाकार कार्यालय को उपलब्ध कराना होगा। इसके साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि मुख्यमंत्री हाट बाजार एवं मोहल्ला क्लिनिक और राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य अभियान के तहत संचालित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर की सेवाओं में अनावश्यक दोहराव न हो।

योजनाओं में तालमेल पर जोर

स्वास्थ्य विभाग ने दोनों योजनाओं के बीच बेहतर समन्वय बनाकर काम करने का निर्देश दिया है, ताकि शहरी गरीबों को लगातार और प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। सरकार का जोर स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने और जरूरतमंद लोगों तक सेवाओं की पहुंच बढ़ाने पर है।

Samachar Post App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां। रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Rupa Kumari

Reporter | Samachar Postमैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।See Profile

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment