Samachar Post रिपोर्टर, रांची : 9 अक्टूबर को रांची के JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम में होने वाले भारत और वेस्टइंडीज के दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय में आयोजित बैठक में सुरक्षा, ट्रैफिक, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन सहित सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
3 बजे से शुरू होगी स्टेडियम में एंट्री
बैठक में निर्देश दिया गया कि मैच के दिन दोपहर 3 बजे से दर्शकों का प्रवेश शुरू होगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बिना टिकट वाले लोगों को स्टेडियम के आसपास जमा नहीं होने दिया जाएगा, ताकि अव्यवस्था की स्थिति न बने। दर्शकों को निर्धारित गेटों से कतारबद्ध तरीके से प्रवेश दिया जाएगा। प्रशासन ने क्रिकेट प्रेमियों से समय से पहले पहुंचने और प्रवेश प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की है।
सुरक्षा, ट्रैफिक और भीड़ नियंत्रण पर विशेष फोकस
डीसी मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया। बैठक में स्टेडियम परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, ट्रैफिक डायवर्जन और पार्किंग प्रबंधन को लेकर विस्तृत रणनीति बनाई गई। बैठक में एसएसपी राकेश रंजन, सिटी एसपी पारस राणा, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर), एसडीओ सदर समेत JSCA के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, उपाध्यक्ष संजय पांडेय और सचिव सौरभ तिवारी मौजूद रहे।
दर्शकों के लिए प्रशासन की एडवाइजरी
जिला प्रशासन ने मैच देखने आने वाले दर्शकों से अपील की है निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें। प्रतिबंधित वस्तुएं स्टेडियम में लेकर न आएं। ट्रैफिक नियमों का पालन करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को दें। प्रशासन का लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय मुकाबले का आयोजन सुरक्षित, सुव्यवस्थित और दर्शक-अनुकूल माहौल में संपन्न कराना है।

















