मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

झारखंड में बारिश का दौर थमेगा, 3 अक्टूबर तक मौसम रहेगा मुख्यतः शुष्क; 4-5 डिग्री बढ़ेगा तापमान

--Advertisment--

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड में पिछले कई दिनों से जारी बारिश का दौर अब कमजोर पड़ने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, 28 सितंबर से 2 अक्टूबर के बीच राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और कहीं-कहीं गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। हालांकि, इस अवधि में किसी जिले के लिए कोई विशेष मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। मौसम में बदलाव के साथ तापमान में भी बढ़ोतरी की संभावना है। अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है।

29 सितंबर से चढ़ेगा तापमान

मौसम केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक, 28 सितंबर को राज्य में अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 20 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इस दौरान आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद 29 सितंबर से तापमान बढ़ने का सिलसिला शुरू होगा। 29 सितंबर से 1 अक्टूबर के बीच अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 21 से 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

3 अक्टूबर को रांची में मौसम मुख्यतः शुष्क

राजधानी रांची में भी बारिश से राहत मिलने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 3 अक्टूबर को रांची और आसपास के इलाकों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, इससे पहले 28 सितंबर से 2 अक्टूबर के बीच कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

ट्रफ लाइन और निम्न दबाव क्षेत्र का रहा असर

मौसम विभाग के अनुसार, बिहार से मध्य-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक बनी ट्रफ लाइन और उत्तर प्रदेश के उत्तर-मध्य हिस्सों में बने वेल मार्क्ड लो प्रेशर एरिया के प्रभाव से झारखंड में नमी का प्रवाह बना हुआ था। इसी वजह से पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में बारिश हुई। हालांकि, इन मौसमी प्रणालियों का प्रभाव कमजोर होने के साथ बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है।

पुटकी में सबसे ज्यादा 45 मिमी बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान धनबाद के पुटकी में सबसे अधिक 45 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा करमाटांड़ में 44.6 मिमी, जामताड़ा में 42.6 मिमी, नारायणपुर में 41.6 मिमी, बरकीसुरिया में 40.4 मिमी और मैथन में 38 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। राजधानी रांची में भी करीब 33 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां सीमित रहने और तापमान बढ़ने से राज्य में बारिश से राहत मिलने की संभावना है।

Samachar Post App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां। रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Meenu

Reporter  |  Samachar Post

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment