Samachar Post रिपोर्टर, पलामू : लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के एकता जंगल से 23 सितंबर को बरामद पंकज उरांव के शव मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पलामू SP कपिल चौधरी ने प्रेसवार्ता में बताया कि मृतक की पहचान उटारी रोड थाना क्षेत्र के बंजारी गांव निवासी पंकज उरांव के रूप में हुई थी। पुलिस जांच के दौरान मृतक की पत्नी से पूछताछ के बाद कथित हत्या की साजिश का खुलासा हुआ। पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पत्नी पर हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार पंकज उरांव की पत्नी अनिमा कुमारी ने पूछताछ के दौरान हत्या की साजिश से जुड़ी जानकारी दी। पुलिस का कहना है कि पंकज के कई लड़कियों से बातचीत करने को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। अनिमा ने पुलिस को बताया कि पति उसके साथ मारपीट करता था और फोन पर जान से मारने की धमकी भी देता था। कथित प्रताड़ना से परेशान होकर वह मायके चली गई थी। पुलिस के मुताबिक, पति के वापस आने के बाद विवाद और बढ़ गया। जांच एजेंसी के अनुसार, इसके बाद अनिमा ने अपने पिता को मिले NH मुआवजे की राशि में से 10 लाख रुपये कथित तौर पर पति की हत्या के लिए दिए। पुलिस का दावा है कि इसमें से 8 लाख रुपये तेतराई देवी के बैंक खाते में मौजूद थे।
दूसरे मोबाइल नंबर से संपर्क कर जंगल बुलाने का आरोप
पुलिस जांच में तेतराई देवी, उसके पति पिंटू कुमार, रिंकी कुमारी, जितेंद्र उरांव, रामजन्म उरांव और दिलेश्वर सिंह की कथित भूमिका सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, रिंकी कुमारी ने कथित तौर पर काजल कुमारी के नाम से दूसरे मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर पंकज उरांव से बातचीत शुरू की। इसके बाद उसे मिलने के बहाने रात में बुलाया गया। पुलिस का कहना है कि तेतराई देवी और रिंकी कुमारी पंकज के साथ एक गाड़ी में गईं, जबकि उनके पति दूसरी गाड़ी से पीछे चल रहे थे। सभी एकता जंगल पहुंचे, जहां मौका पाकर कथित तौर पर दुपट्टे से गला दबाकर पंकज की हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को जंगल में फेंकने का आरोप है।
मोबाइल, नकदी और कार बरामद
पुलिस ने बताया कि हत्याकांड का खुलासा करने के बाद मृतक की पत्नी, उसके पिता और कथित सुपारी लेने वाले आरोपियों समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, नकदी, बैंक पासबुक और सुजुकी XL6 कार बरामद किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की जांच जारी है।




















