Samachar Post रिपोर्टर, पलामू : मेदिनीनगर के कचहरी परिसर में पलामू सहायक अध्यापक संघर्ष मोर्चा की जिला इकाई की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव ने की, जबकि संचालन जिला उपाध्यक्ष लिलेश्वर सिंह ने किया। इसमें पेंशन, जनगणना कार्य के मानदेय, क्षतिपूर्ति और EPF से जुड़े मुद्दों पर अहम निर्णय लिए गए। बैठक में झारखंड राज्य सहयोगी शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष एवं संघर्ष मोर्चा के राज्य सदस्य विनोद तिवारी भी मौजूद रहे। बैठक में विनोद तिवारी ने कहा कि लंबे समय तक सेवा देने वाले सेवानिवृत्त सहायक अध्यापकों को पेंशन का लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर प्रतिनिधिमंडल ने रांची में अधिवक्ता सौरभ शेखर से मुलाकात कर कानूनी पहलुओं पर चर्चा की है। उन्होंने कहा कि मामले को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक दस्तावेज और वकालतनामा भी तैयार किया गया है।
जनगणना मानदेय और क्षतिपूर्ति का भुगतान बना मुद्दा
जिला अध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि पलामू में जनगणना कार्य करने वाले सहायक अध्यापकों को अब तक मानदेय और क्षतिपूर्ति का भुगतान नहीं हुआ है। उनका कहना था कि अन्य जिलों में इस संबंध में कार्रवाई हो चुकी है, जबकि पलामू के शिक्षक अब भी भुगतान का इंतजार कर रहे हैं। बैठक में निर्णय लिया गया कि इस मुद्दे को जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा।
अधिकारियों से वार्ता के लिए 11 सदस्यीय समिति गठित
बैठक में सर्वसम्मति से 11 सदस्यीय समिति का गठन किया गया। यह समिति उपायुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) और जिला शिक्षा अधीक्षक (DSE) से मुलाकात कर मानदेय एवं क्षतिपूर्ति के भुगतान की मांग करेगी। समिति में कृष्ण कुमार यादव, लिलेश्वर सिंह, जनेश्वर सिंह, इमामुद्दीन अंसारी, अनुज दुबे, अमलेश चौरसिया, सुधीर तिवारी, खिरोध महतो, श्रवण कुमार समेत अन्य सदस्यों को शामिल किया गया है।
EPF प्रावधान लागू कराने की मांग
बैठक में EPF कटौती के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। जिला उपाध्यक्ष लिलेश्वर सिंह ने कहा कि वर्तमान में 15 हजार रुपये के आधार पर EPF कटौती की जा रही है, जबकि केंद्र सरकार द्वारा सीमा बढ़ाकर 25 हजार रुपये किए जाने की बात सामने आई है। मोर्चा ने निर्णय लिया कि इस प्रावधान को लागू कराने के लिए मुख्यमंत्री, शिक्षा सचिव और संबंधित अधिकारियों से मुलाकात कर मांग पत्र सौंपा जाएगा।
कई शिक्षक प्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में अर्जुन मिश्रा, खिरोध महतो, रामजी राम, सुरेश राम, मुरलीधर तिवारी, विजय प्रसाद, सरफुद्दीन अंसारी, देवनाथ सिंह, विमल कुमार बम्पर, सुनील राम, कृष्ण बिहारी, प्रेमचंद गुप्ता, जितेंद्र तिवारी, कामेश्वर चौधरी, अशोक कुमार, लक्ष्मण चौधरी और इश्तेयाक अहमद सहित बड़ी संख्या में सहायक अध्यापक मौजूद रहे।






















