Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह स्थित सुवर्णरेखा नदी में शुक्रवार देर रात मछली पकड़ने के दौरान नाव पलट गई। हादसे के बाद दो युवक तेज बहाव में बह गए और अब तक लापता हैं। शनिवार सुबह से स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में दोनों की तलाश की जा रही है। प्रशासन की ओर से NDRF/SDRF की मदद लेने की भी तैयारी की जा रही है। लापता युवकों की पहचान बारीडीह मीरा पथ निवासी अमित कुमार उर्फ गजनी और जमशेदपुर स्कूल के पास रहने वाले अमित कुमार उर्फ बिट्टू कुमार के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों अक्सर नदी में मछली पकड़ने जाते थे और तैरना भी जानते थे।
नाव में तीन लोग सवार थे
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात अमित और बिट्टू अपने साथी विक्की के साथ नाव से मछली पकड़ने नदी में गए थे। नदी के बीच पहुंचने के दौरान अचानक नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। हादसे के बाद विक्की किसी तरह तैरकर बाहर निकल आया, लेकिन अमित और बिट्टू तेज बहाव के साथ बह गए।
रात में भी स्थानीय लोगों ने की तलाश
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय युवकों ने रात में ही नदी किनारे दोनों की तलाश शुरू कर दी थी। लोगों ने लुआबासा पुल तक खोजबीन की, लेकिन अंधेरा और नदी का तेज बहाव होने के कारण पानी में उतरकर तलाशी लेना संभव नहीं हो सका।शनिवार सुबह स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में दोबारा बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई।
NDRF/SDRF की मदद लेने की तैयारी
नदी में तेज बहाव को देखते हुए राहत और बचाव अभियान को और मजबूत करने के लिए NDRF/SDRF की टीम की मदद लेने की तैयारी की जा रही है। फिलहाल स्थानीय गोताखोर नदी के अलग-अलग हिस्सों में दोनों युवकों की तलाश कर रहे हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग नदी किनारे जुटे हुए हैं। पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की। दोनों युवकों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है और नदी में तलाश अभियान जारी है।




















