- उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों से किया परिचय, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर केक काटकर मनाया गया जश्न; सांसद प्रदीप वर्मा और नामकुम बीडीओ रहे मौजूद
Samachar Post रिपोर्टर, रांची : नया बुसुर में गोल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 का शानदार आगाज हुआ। उद्घाटन समारोह में शिक्षिका और समाजसेवी डॉली जायसवाल बतौर अतिथि शामिल हुईं। उन्होंने मैदान में खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और आयोजन समिति का आभार जताया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर केक काटकर जश्न भी मनाया गया। समारोह में राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा और नामकुम के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में डॉली जायसवाल ने मंच से घोषणा की कि वह हर साल समाज के गरीब और असहाय परिवारों की दो आदिवासी बेटियों की शिक्षा का खर्च उठाएंगी। उन्होंने कहा कि संसाधनों के अभाव में पढ़ाई से वंचित ऐसी बेटियों को फार्मेसी और नर्सिंग जैसी रोजगारपरक शिक्षा दिलाने में सहयोग किया जाएगा। उनके इस ऐलान पर मैदान में मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर स्वागत किया।

शिक्षा के क्षेत्र में काम करने के साथ सामाजिक गतिविधियों से भी जुड़ी हैं डॉली जायसवाल
डॉली जायसवाल शहीद स्वतंत्रता सेनानी साधु चरण भगत की पोती हैं। वर्तमान में शिक्षिका के रूप में कार्यरत डॉली शिक्षा के क्षेत्र में काम करने के साथ सामाजिक गतिविधियों से भी जुड़ी हैं। आयोजकों के अनुसार वह पिछले कई वर्षों से आदिवासी और गरीब छात्राओं को बीएड, फार्मेसी, नर्सिंग समेत रोजगारपरक पाठ्यक्रमों की पढ़ाई में अपने स्तर से सहयोग करती रही हैं।
आयोजन समिति ने डॉली जायसवाल के कार्यक्रम में शामिल होने और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए उनका आभार जताया। टूर्नामेंट के आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों और खिलाड़ियों में भी उत्साह देखा गया।
















