रांची में जमीन विवाद में भाई ने भाई की हत्या की, फावड़े से हमला करने का आरोप; खेत किनारे मिला शव

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : रातू थाना क्षेत्र के चिपरा गांव में जमीन और संपत्ति विवाद को लेकर एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि जयनाथ उरांव ने अपने छोटे भाई भिखाराम उरांव पर फावड़े से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार बताया जा रहा है। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने चिपरा इलाके में खेत के किनारे एक व्यक्ति का खून से लथपथ शव देखा। इसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों ने घटना की सूचना रातू थाना पुलिस को दी।

यह भी पढ़ें : 108 एंबुलेंस कर्मियों का दूसरे दिन भी विरोध, 28 सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

पैतृक जमीन को लेकर लंबे समय से था विवाद

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों भाइयों के बीच पैतृक जमीन और संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। मंगलवार को इसी विवाद को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने के बाद जयनाथ उरांव ने कथित तौर पर पास में रखे फावड़े से भिखाराम उरांव पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद भिखाराम की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। मंगलवार सुबह ग्रामीणों की नजर खेत के किनारे पड़े शव पर पड़ी। शव की स्थिति देखकर ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंची रातू थाना पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है।

आरोपी भाई की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस के अनुसार, मामले में जयनाथ उरांव पर अपने भाई की हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद से वह फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। फिलहाल पुलिस जमीन विवाद समेत घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद हत्या की परिस्थितियों को लेकर और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

संबंधित खबरें