Samachar Post रिपोर्टर,रांची : झारखंड में JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे नेता देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। 24 जिलों की भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा पूरी करने के बाद उन्हें रांची सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। देवेंद्र नाथ महतो के मुताबिक, बीती रात से उनकी तबीयत काफी खराब है। उन्हें लगातार पतले दस्त, उल्टी, तेज बुखार, शरीर में दर्द और अत्यधिक कमजोरी की शिकायत है। उनका कहना है कि कुछ भी खाने-पीने के बाद उल्टी हो जा रही है। अस्पताल में डॉक्टरों ने जरूरी जांच शुरू कर दी है और रिपोर्ट के आधार पर उपचार किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें : रांची: बिरसा मुंडा जेल में पत्नी की हत्या के आरोपी कैदी ने आत्महत्या का प्रयास किया, हालत गंभीर
अनशन से 24 जिलों की यात्रा तक लगातार आंदोलन
देवेंद्र नाथ महतो पिछले कई दिनों से भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और अभ्यर्थियों के अधिकारों को लेकर आंदोलन कर रहे थे। रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आमरण अनशन से शुरू हुआ उनका आंदोलन विधानसभा घेराव तक पहुंचा था। इसके बाद उन्होंने झारखंड के सभी 24 जिलों की यात्रा शुरू की थी। इस दौरान उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुधार की मांग को लेकर छात्रों और अभ्यर्थियों से संवाद किया। यह यात्रा 11 सितंबर को पूरी हुई थी। यात्रा समाप्त होने के अगले दिन उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

समर्थकों से की प्रार्थना की अपील
अस्पताल से देवेंद्र नाथ महतो ने अपने साथियों, छात्रों, अभ्यर्थियों, अभिभावकों और शुभचिंतकों से उनकी तबीयत को लेकर चिंता नहीं करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। उन्होंने समर्थकों से जल्द स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना करने की अपील की। साथ ही कहा कि स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के बावजूद छात्रों और युवाओं के अधिकार, निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया और झारखंड के युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर उनका संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने अपने साथियों और समर्थकों से संयम बनाए रखने की भी अपील की है।

Reporter | Samachar Post


