Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में जामताड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नारायणपुर और कर्माटांड़ थाना क्षेत्र में अलग-अलग संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर साइबर ठगी के आरोप में 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी कैशबैक का लालच देकर और फर्जी APK फाइल डाउनलोड करवाकर लोगों से साइबर ठगी करते थे। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई। शुक्रवार को एसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी ने कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि साइबर अपराध थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम में एसआई नितिश कुमार, एसआई कृष्ण कुमार और एएसआई हीरालाल महतो शामिल थे।
यह भी पढ़ें : गिरिडीह पहुंचीं DGP तदाशा मिश्रा, दिवंगत सुदिव्य सोनू को दी श्रद्धांजलि
जंगल और आम के बागान में पुलिस की छापेमारी
पुलिस टीम ने नारायणपुर थाना क्षेत्र के जोरिया स्थित जंगल और मुचियाडीह क्रेशर के पीछे छापेमारी की। इसके अलावा कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के मट्टोडीह गांव में तालाब के पास स्थित आम के बागान में भी घेराबंदी की गई। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया। उनकी निशानदेही पर दो अन्य आरोपियों को भी बाद में गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है तसलीम अंसारी (20), पिता- मुस्तकिम अंसारी, निवासी बिरहुडीह, नारायणपुर, मनाजीर अंसारी (21), पिता- नेजाम अंसारी, निवासी बिरहुडीह, नारायणपुर, अब्दुल लतीफ (27), पिता- एवारी मियां, निवासी बाकुडीह (नारायणपुर), उसमान गनी (25), पिता- सखावत अंसारी, निवासी अलगबुजा (कर्माटांड़), जितेन्द्र मंडल (43), पिता- विश्वेश्वर मंडल, निवासी मट्टोडीह (कर्माटांड़) शामिल है।
11 मोबाइल और 13 सिम कार्ड बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 11 एंड्रॉइड मोबाइल फोन और 13 अवैध सिम कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, इन उपकरणों का इस्तेमाल साइबर ठगी से जुड़े काम में किया जा रहा था। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), आईटी एक्ट और टेलीकम्युनिकेशन एक्ट 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

999 रुपये Cashback का लालच देकर ठगी
एसपी के अनुसार, आरोपी लोगों को “999 रुपये का Cashback” मिलने जैसे लुभावने मैसेज भेजते थे। मैसेज के जरिए पीड़ितों को किसी लिंक या बटन पर क्लिक करने के लिए कहा जाता था। इसके बाद फर्जी ऐप के जरिए उनके बैंक खाते से पैसे निकालने की कोशिश की जाती थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ठगी के लिए दूसरा तरीका भी अपनाते थे। वे SBI या अन्य प्रमुख बैंकों के क्रेडिट कार्ड बंद होने का डर दिखाकर कार्ड को दोबारा चालू कराने के नाम पर पीड़ितों से फर्जी APK फाइल डाउनलोड करवाते थे। इसके जरिए मोबाइल की गोपनीय जानकारी हासिल कर साइबर ठगी की जाती थी।
2026 में 122 साइबर अपराधी गिरफ्तार
जामताड़ा पुलिस के अनुसार, जनवरी 2026 से 11 सितंबर 2026 तक जिले में साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 122 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। इस दौरान पुलिस ने 304 मोबाइल फोन, 370 सिम कार्ड, 22 एटीएम कार्ड, 7 पासबुक, 3 लैपटॉप, 8 पहचान पत्र, 3 पैन कार्ड, 11 मोटरसाइकिल और 14,00,700 रुपये नकद बरामद किए हैं।

Reporter | Samachar Post


