Samachar Post रिपोर्टर,जामताड़ा : नारायणपुर थाना क्षेत्र के कोरीडीह वन पंचायत स्थित मोहड़ार तालाब में शुक्रवार सुबह 50 वर्षीय जहारुद्दीन अंसारी उर्फ दुलिया का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने तालाब के पानी में शव को उपलाता हुआ देखा। इसके बाद नारायणपुर थाना पुलिस और मृतक के परिजनों को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकालकर कब्जे में ले लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें : कोडरमा में ससुराल में विवाद के बाद घर से निकला युवक, रेलवे ट्रैक के पास मिला शव
रात में मछली पकड़ने निकला था मृतक
जानकारी के अनुसार, जहारुद्दीन अंसारी मछली पकड़ने का काम करता था। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात करीब 9 बजे वह मछली पकड़ने के लिए घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। शुक्रवार सुबह स्थानीय लोग मोहड़ार तालाब पहुंचे तो पानी में जहारुद्दीन का शव दिखाई दिया। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस और उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी।
पेट्रोलिंग टीम ने तालाब से बाहर निकाला शव
सूचना मिलने के बाद नारायणपुर थाना की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने तालाब से शव को बाहर निकाला और कब्जे में लेकर थाने ले गए। स्थानीय निवासी समसुल अंसारी के मुताबिक, सुबह तालाब में शव दिखाई देने के बाद ग्रामीणों ने बिना देर किए पुलिस को इसकी सूचना दी थी।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण
फिलहाल शव को नारायणपुर थाना में रखा गया है। पुलिस जरूरी कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजेगी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
दो दिनों में तालाब से दो शव मिलने से चर्चा
गौरतलब है कि गुरुवार देर शाम भी तीन दिनों से लापता निकराज कुमार दास का शव भैयाडीह स्थित एक तालाब से बरामद हुआ था। वह बुधुडीह गांव का रहने वाला था। लगातार दो दिनों में तालाब से दो लोगों के शव मिलने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। हालांकि, दोनों मामलों में मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Reporter | Samachar Post


