Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : धनबाद पुलिस ने अगस्त महीने में लंबित मामलों के निष्पादन पर विशेष जोर दिया। गुरुवार को आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में बताया गया कि जिले के विभिन्न थानों में अगस्त के दौरान 406 नए आपराधिक मामले दर्ज हुए, जबकि पुलिस ने 450 कांडों का निष्पादन किया। नए मामलों की तुलना में अधिक मामलों के निष्पादन के कारण जिले में लंबित कांडों की संख्या घटकर करीब 1700 रह गई है। बैठक की अध्यक्षता एसएसपी प्रभात कुमार ने की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को लंबित मामलों को तेजी से निपटाने और अपराध नियंत्रण की मौजूदा रणनीति को आगे भी जारी रखने का निर्देश दिया।
अगले दो महीने में लंबित मामले 1500 से नीचे लाने का लक्ष्य
एसएसपी ने थाना प्रभारियों को अगले दो महीनों में लंबित कांडों की संख्या 1500 से नीचे लाने का लक्ष्य दिया है। उन्होंने पुराने मामलों की नियमित समीक्षा और लंबित अनुसंधान को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा। पुलिस के मुताबिक, अगस्त में जिले में अपराध की स्थिति में कमी देखने को मिली और कोई बड़ी वारदात या संगठित अपराध की घटना सामने नहीं आई। पुलिस ने इसे नियमित गश्त, निगरानी और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों का परिणाम बताया है।
करीब 400 लंबित वारंट का हुआ निष्पादन
अगस्त में न्यायालय से जारी करीब 400 लंबित वारंट का पुलिस ने निष्पादन किया। एसएसपी ने सभी दागी व्यक्तियों का दोबारा सत्यापन कराने और फरार तथा वारंटी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान और तेज करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए और अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए।
ट्रैफिक नियम तोड़ने पर 69 लाख रुपये का चालान
यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ भी धनबाद पुलिस ने अगस्त में कार्रवाई जारी रखी। इस दौरान विभिन्न मामलों में करीब 69 लाख रुपये का चालान वसूला गया। एसएसपी ने यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने और नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रखने का निर्देश दिया।
चोरी और बाइक चोरी के मामलों पर विशेष फोकस
अपराध समीक्षा बैठक में चोरी, गृहभेदन और बाइक चोरी के मामलों की भी समीक्षा की गई। थाना प्रभारियों को इन मामलों में विशेष अभियान चलाने, लंबित अनुसंधान जल्द पूरा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही चोरी की संपत्ति की बरामदगी और थाना क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
यह भी पढ़ें : कोडरमा में ससुराल में विवाद के बाद घर से निकला युवक, रेलवे ट्रैक के पास मिला शव
अपराध नियंत्रण के साथ पुराने मामलों का निपटारा प्राथमिकता
एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि अपराध नियंत्रण के साथ-साथ पुराने मामलों का त्वरित निष्पादन भी पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, लंबित कांडों के निष्पादन और नियमित गश्त में तेजी लाने का निर्देश दिया। आने वाले दिनों में धनबाद पुलिस लंबित मामलों की संख्या कम करने और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई को और तेज करने की तैयारी में है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।