जमशेदपुर में दोस्त को बचाने पहुंचे युवक पर चापड़ से हमला, सिर पर किए कई वार

Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-1 में गुरुवार देर रात पुराने विवाद को लेकर हिंसक झड़प हो गई। दोस्तों के साथ मारपीट की सूचना पर बीच-बचाव करने पहुंचे मो. कैफ पर आरोपियों ने चापड़ से हमला कर दिया। हमलावरों ने उसके सिर पर धारदार हथियार से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजन घायल कैफ को तत्काल एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए टीएमएच रेफर कर दिया।

यह भी पढ़ें : झारखंड पात्रता परीक्षा दोबारा होगी, हाईकोर्ट का JPSC को निर्देश; 6 माह में पूरी करनी होगी प्रक्रिया

दोस्त के साथ मारपीट की सूचना पर पहुंचा था कैफ

परिजनों के मुताबिक, गुरुवार रात करीब 10 बजे दिलरैज नामक युवक अपने कुछ साथियों के साथ कैफ के दोस्त काशिफ के साथ मारपीट कर रहा था। इसकी जानकारी मिलने पर कैफ मौके पर पहुंचा और दोस्त को बचाने के लिए बीच-बचाव करने लगा।आरोप है कि इसी दौरान हमलावरों ने कैफ को निशाना बना लिया और उसके सिर पर चापड़ से कई वार कर दिए। अचानक हुए हमले में कैफ गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ जमीन पर गिर पड़ा। परिजनों का कहना है कि कैफ का आरोपियों के साथ पहले से विवाद चल रहा था। वह हाल में विदेश जाने की तैयारी भी कर रहा था। परिजनों ने आरोप लगाया है कि इसी पुराने विवाद की रंजिश में कैफ पर जानलेवा हमला किया गया। हालांकि, घटना के वास्तविक कारण और हमले में शामिल लोगों की भूमिका की पुलिस जांच कर रही है।

आरोपियों की तलाश में पुलिस की छापेमारी

घटना की सूचना मिलने के बाद कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमले में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस घटना के पीछे की वजह और मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

संबंधित खबरें