गढ़वा में MVI की विशेष जांच, बिना कागजात की 3 कमांडर जीप पकड़ीं; बोलेरो के नंबर पर चल रही थी एक जीप

Samachar Post रिपोर्टर,गढ़वा : जिला मुख्यालय में मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर (MVI) की टीम ने वाहनों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान तीन कमांडर जीप ऐसे मिले, जिनके पास जरूरी दस्तावेज नहीं थे। सभी वाहनों को पकड़कर नियमानुसार कार्रवाई की गई। जांच के दौरान एक और गंभीर मामला सामने आया। टीम ने ऐसी कमांडर जीप पकड़ी, जो बोलेरो के नंबर पर चल रही थी। इसके अलावा कई अन्य वाहनों की भी जांच की गई, जिनमें जरूरी कागजात नहीं मिले। कार्रवाई के बाद वाहन संचालकों में हड़कंप की स्थिति है।

यह भी पढ़ें : जामताड़ा के मोहड़ार तालाब में मिला 50 वर्षीय व्यक्ति का शव, रात में मछली पकड़ने निकला था

बिना कागजात चल रहे वाहनों पर कार्रवाई

MVI की टीम ने जिला मुख्यालय के अलग-अलग इलाकों में वाहनों की जांच की। इस दौरान वाहन का रजिस्ट्रेशन, परमिट, फिटनेस, इंश्योरेंस समेत अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई। जांच में तीन कमांडर जीप के पास आवश्यक कागजात नहीं पाए गए। वहीं, एक जीप के दूसरे वाहन के नंबर पर चलने का मामला सामने आने के बाद परिवहन विभाग की टीम ने इसे गंभीरता से लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

स्कूल बसों और सवारी वाहनों की भी जांच

बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए MVI की टीम स्कूल बसों और सवारी बसों के दस्तावेजों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जिन स्कूल वाहनों के कागजात अधूरे पाए जाएंगे, उनके खिलाफ जुर्माना समेत अन्य कार्रवाई की जाएगी। स्कूल संचालकों और वाहन मालिकों से अपने वाहनों के सभी जरूरी दस्तावेज अपडेट रखने की अपील की गई है। खास तौर पर स्कूल बसों में फिटनेस, परमिट, इंश्योरेंस और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बच्चों और यात्रियों की सुरक्षा के साथ किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

संबंधित खबरें