झारखंड SIR में विदेशी नागरिकों के नाम मतदाता सूची में मिले, जमशेदपुर में 3 अफगानी नागरिकों की पहचान

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मतदाता सूची की जांच में जमशेदपुर से जुड़ा एक अहम मामला सामने आया है। निर्वाचन विभाग के अनुसार, जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र की प्रारूप मतदाता सूची में अफगानिस्तान के तीन नागरिकों के नाम दर्ज मिले हैं। दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान नागरिकता संबंधी कागजात और पासपोर्ट की जांच में तीनों के अफगानिस्तानी नागरिक होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद निर्वाचन विभाग ने उनके नाम मतदाता सूची से हटाने की प्रक्रिया पूरी कर ली है। साथ ही, मामले में कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

आसिल खान, मो. असलम और मो. इब्राहिम के नाम मिले

जिला निर्वाचन पदाधिकारी, जमशेदपुर की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, तीनों नाम मतदान केंद्र संख्या 286 के रिकॉर्ड में दर्ज थे। इनमें आसिल खान का नाम क्रम संख्या 30, मो. असलम का नाम क्रम संख्या 31 और मो. इब्राहिम का नाम क्रम संख्या 33 पर दर्ज होने की बात कही गई है। निर्वाचन विभाग के अनुसार, तीनों व्यक्तियों के नाम पहले से मतदाता सूची में दर्ज थे। SIR के तहत उन्होंने एन्यूमरेशन प्रक्रिया भी पूरी की थी और उनके नाम प्रारूप मतदाता सूची में प्रकाशित हो गए थे। बाद में दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान रिकॉर्ड में विसंगति सामने आने पर तीनों को नोटिस जारी कर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा गया। विभाग के मुताबिक, नोटिस के बाद मांगे गए दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जा सके। इसके बाद पासपोर्ट की जांच की गई। निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार, जांच में तीनों के अफगानिस्तान के नागरिक होने की पुष्टि हुई। इसके बाद विदेशी नागरिक होने के आधार पर उनके नाम मतदाता सूची से हटाने की कार्रवाई की गई।

DC और SSP को कानूनी कार्रवाई के निर्देश

मामला सामने आने के बाद मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की ओर से जमशेदपुर के उपायुक्त और SSP को मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए निर्देश दिए जा रहे हैं। जांच का एक प्रमुख पहलू यह होगा कि विदेशी नागरिकों के नाम भारतीय मतदाता सूची में किस प्रक्रिया के तहत दर्ज हुए और इसमें किसी व्यक्ति या अन्य माध्यम की भूमिका थी या नहीं। तीन मामलों के सामने आने के बाद निर्वाचन विभाग अब इस बात की भी पड़ताल करेगा कि राज्य की मतदाता सूची में कहीं अन्य विदेशी नागरिकों के नाम तो दर्ज नहीं हैं। इसके साथ ही, तीनों लोगों को मतदाता सूची में शामिल कराने में किसी व्यक्ति, एजेंट या संगठित समूह की भूमिका थी या नहीं, इसकी भी जांच की जाएगी। जांच के निष्कर्ष के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

यह भी पढ़ें : JSSC CGL के दोनों मामलों में ED की एंट्री, पेपर लीक के पीछे आर्थिक नेटवर्क की होगी जांच

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने दी जानकारी

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार के अनुसार, जांच के दौरान तीन विदेशी नागरिकों की पहचान की गई है और उनके नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि आगे की जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को लिखा जा रहा है। निर्वाचन विभाग अब SIR के तहत मतदाता सूची के सत्यापन को और गंभीरता से आगे बढ़ा रहा है।

संबंधित खबरें