Samachar Post रिपोर्टर, देवघर : जसीडीह रेलवे स्टेशन के टीआरडी कॉलोनी स्थित चिल्ड्रन पार्क में मंगलवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक का शव पार्क में लगे लोहे के एंगल से शर्ट के सहारे लटका हुआ था। अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल की जांच के बाद शव को नीचे उतारकर पंचनामा की कार्रवाई की गई और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, देवघर भेज दिया गया।
रेलवे कॉलोनी के व्यक्ति ने देखा शव
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह रेलवे कॉलोनी के एक निवासी की नजर चिल्ड्रन पार्क में लटके शव पर पड़ी। इसके बाद तत्काल जीआरपी और आरपीएफ को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर आरपीएफ एसआई प्रदीप कुमार राव और जीआरपी एएसआई उदय कुमार साव जवानों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को नीचे उतारा।
जेब से रेल टिकट और पर्स मिला
पुलिस ने युवक की पहचान के लिए उसके कपड़ों और सामान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से एक रेल टिकट और पर्स मिलने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, पहचान से संबंधित कोई स्पष्ट दस्तावेज नहीं मिला, जिससे तत्काल मृतक की पहचान नहीं हो सकी। शव मिलने की खबर के बाद आसपास के सैकड़ों लोग भी मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों की मदद से युवक की पहचान कराने की कोशिश की गई, लेकिन किसी ने उसकी पहचान नहीं की।

प्रथम दृष्टया आत्महत्या की आशंका
पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर आत्महत्या की आशंका जताई है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान कराने के लिए अपने स्तर से जांच कर रही है। साथ ही, वह यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक पार्क तक कैसे पहुंचा और घटना से पहले वह कहां था।
यह भी पढ़ें : पलामू में रातभर पुलिस की छापेमारी, 11 होटल-ढाबों की जांच में 30 बोतल अवैध शराब जब्त
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है और मृतक की पहचान समेत घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।


