Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर गिरिडीह के टावर चौक में झारखंड ऑफिसर्स, टीचर्स एंड एंप्लाइज फेडरेशन (झारोटेफ) की ओर से श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं और सरकारी कर्मचारी शामिल हुए। सभा के दौरान सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत मंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान सुदिव्य कुमार सोनू के सार्वजनिक जीवन और कर्मचारियों के लिए किए गए कार्यों को याद किया गया।
56 वर्ष की उम्र में हुआ निधन
सुदिव्य कुमार सोनू झारखंड सरकार में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य और शहरी विकास विभाग के मंत्री थे। उनका 6 सितंबर की सुबह करीब 4 बजे हार्ट अटैक से निधन होने की जानकारी दी गई है। वह 56 वर्ष के थे। बताया गया कि निधन से एक दिन पहले शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भी वह सक्रिय रहे थे। उनके निधन के बाद झारखंड सरकार ने दो दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है।

सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़े सहायक थे: मुन्ना कुशवाहा
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए फेडरेशन के गिरिडीह जिलाध्यक्ष मुन्ना प्रसाद कुशवाहा ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने सुदिव्य कुमार सोनू को सरकारी कर्मचारियों के लिए सहयोगी और मददगार बताते हुए कहा कि वे कर्मचारियों की समस्याओं को समझते थे और उनके समाधान के लिए पहल करते थे। मुन्ना कुशवाहा ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू के नेतृत्व में कर्मचारियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य आगे बढ़े। उनके निधन को उन्होंने गिरिडीह और पूरे झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के प्रति दिवंगत मंत्री की संवेदनशीलता, सहयोग और सकारात्मक दृष्टिकोण को लंबे समय तक याद किया जाएगा।
यह भी पढ़ें : वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने कराया हेल्थ चेकअप, बोले- सीने की बेचैनी को नजरअंदाज न करें
लोगों ने साझा किए अनुभव और यादें
श्रद्धांजलि सभा में मौजूद शिक्षकों, कर्मचारियों और अन्य लोगों ने सुदिव्य कुमार सोनू के साथ अपने अनुभव साझा किए। उनके निधन को लेकर कार्यक्रम स्थल पर गमगीन माहौल रहा और लोगों ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में फेडरेशन के प्रांतीय संरक्षक रविंद्र प्रसाद सिंह, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद, कार्तिक प्रसाद वर्मा, समा प्रवीण, जिला अध्यक्ष मुन्ना प्रसाद कुशवाहा, केदार प्रसाद यादव, मिथुन राज, राजेश सिंह, आनंद शंकर, युगल किशोर पंडित, विकास सिंह और राजेश कुमार सिंह समेत विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा अनूप कुमार, मुक्तेश्वर कुमार, जमुआ के पूर्व विधायक केदार हाजरा और कुणाल सांडगी समेत कई लोगों ने भी श्रद्धांजलि सभा में शामिल होकर दिवंगत नेता को श्रद्धा-सुमन अर्पित किए।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।


