Samachar Post रिपोर्टर, हजारीबाग : पदमा ओपी क्षेत्र में सेवानिवृत्त शिक्षक रामजय कुमार महथा पर गोली चलाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के पास से इटालियन पिस्टल, जिंदा और मिसफायर कारतूस, खोखे, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, शिक्षक पर फायरिंग आपसी विवाद और कथित बदले की भावना को लेकर की गई थी। मामले में घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
घर लौटते समय बाइक सवारों ने की फायरिंग
पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर की सुबह करीब 8:30 बजे रामजय कुमार महथा शेविंग कराने के लिए घर से निकले थे। वापस लौटते समय मोटरसाइकिल सवार अपराधकर्मियों ने उन पर दो राउंड फायरिंग की। गोली लगने से शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
SDPO बरही के नेतृत्व में बनी विशेष जांच टीम
घटना के बाद पदमा ओपी में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। आरोपी तक पहुंचने के लिए SDPO बरही राधा प्रेम किशोर के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई। SIT ने तकनीकी शाखा और संगठित अपराध शाखा की मदद से संदिग्धों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई और लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। इसी दौरान पुलिस को आरोपी के संबंध में अहम सुराग मिले।
बहन के घर से गिरफ्तार हुआ कृष्णा महतो
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने जिहु गांव में छापेमारी की। यहां से कृष्णा महतो उर्फ महेश महतो (40) को उसकी बहन यशोदा देवी के घर से गिरफ्तार किया गया। वह पदमा ओपी क्षेत्र के सुरजपुरा गली नंबर-1 का रहने वाला बताया गया है। पुलिस के मुताबिक, उसके पास से घटना में इस्तेमाल लोडेड इटालियन पिस्टल बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर शिक्षक के साथ पहले से विवाद होने और इसी के चलते बदला लेने के उद्देश्य से फायरिंग करने की बात कही है।

आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई मामले
पुलिस ने बताया कि कृष्णा महतो उर्फ महेश महतो का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ पदमा और सरायकेला के आरआईटी थाना समेत अन्य जगहों पर चोरी, लूट, हत्या के प्रयास, रंगदारी और डकैती जैसे मामलों में केस दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ पदमा थाना के कांड संख्या 124/2020 और 393/2020, सरायकेला आरआईटी थाना कांड संख्या 13/2024 समेत वर्ष 2014 का एक अन्य मामला भी दर्ज है।
पिस्टल, कारतूस, मोटरसाइकिल और मोबाइल बरामद
गिरफ्तार आरोपी के पास से पुलिस ने एक पिस्टल, आठ जिंदा कारतूस, दो मिसफायर कारतूस, दो खोखे, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस अब फायरिंग की घटना में शामिल अन्य संभावित आरोपियों की पहचान और भूमिका का पता लगाने में जुटी है। साथ ही घटना के पीछे के पूरे विवाद की भी जांच की जा रही है।\
यह भी पढ़ें : पलामू में गैस सिलेंडर फटने से जीजा-साले की मौत, शव गांव पहुंचते ही मचा कोहराम
छापेमारी में कई पुलिस अधिकारी रहे शामिल
कार्रवाई में SDPO बरही राधा प्रेम किशोर, पुलिस निरीक्षक बरही अंचल अनिल कुमार, पदमा ओपी प्रभारी श्रवण कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक आलोक कुमार सोरेन, संदीप कुमार समेत पदमा ओपी के सशस्त्र बल और तकनीकी व संगठित अपराध शाखा के पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल रहे। पुलिस की ओर से 24 घंटे के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी को मामले के त्वरित उद्भेदन की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई बताया गया है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।


