Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : धनबाद के गोल्फ ग्राउंड में रविवार को यूट्यूबर और ब्लॉगर केल्विन आर्यन के पब्लिक मीट कार्यक्रम में भारी हंगामा हो गया। झारखंड के अलावा पड़ोसी राज्यों से बड़ी संख्या में पहुंचे प्रशंसकों की भीड़ अचानक बेकाबू हो गई। देखते ही देखते कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस दौरान भीड़ के बीच मारपीट, धक्का-मुक्की और तोड़फोड़ की घटनाएं हुईं। उपद्रवियों ने मंच पर चढ़कर पंडाल को नुकसान पहुंचाया और साउंड सिस्टम भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना में कई लोगों के घायल होने की सूचना है।
राजकीय शोक के कारण डीजे बजाने पर लगी थी रोक
बताया गया कि कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए आयोजकों ने बड़े डीजे और साउंड सिस्टम की व्यवस्था की थी। इसी बीच मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के बाद राज्य सरकार ने दो दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा कर दी। राजकीय शोक को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस की टीम कार्यक्रम स्थल पर पहुंची और डीजे बजाने पर रोक लगा दी। आयोजकों को कार्यक्रम सादगी के साथ आयोजित करने का निर्देश दिया गया। शुरुआत में कार्यक्रम सामान्य तरीके से चलता रहा, लेकिन समय बीतने के साथ गोल्फ ग्राउंड में लोगों की संख्या लगातार बढ़ती गई। भीड़ इतनी अधिक हो गई कि आयोजकों के लिए स्थिति को नियंत्रित करना मुश्किल हो गया।
मंच पर चढ़ी भीड़, पंडाल और साउंड सिस्टम को नुकसान
भीड़ के बेकाबू होने के बाद कार्यक्रम स्थल पर हंगामा शुरू हो गया। कुछ लोग मंच पर चढ़ गए और वहां लगे पंडाल को फाड़ने लगे। साउंड सिस्टम में भी तोड़फोड़ की गई। इस दौरान लोगों के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट की स्थिति बन गई। कुछ समय के लिए पूरे गोल्फ ग्राउंड में अफरा-तफरी का माहौल रहा और भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।

पुलिस ने संभाला मोर्चा, कार्यक्रम कराया बंद
हंगामा बढ़ने के बाद मौके पर तैनात पुलिस बल ने मोर्चा संभाला। पुलिसकर्मियों ने भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश की और उपद्रव कर रहे लोगों को पीछे हटाया। स्थिति लगातार बिगड़ने पर पुलिस को कार्यक्रम बंद कराना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद भीड़ को नियंत्रित किया गया। फिलहाल घटना से जुड़े नुकसान और घायलों की वास्तविक संख्या की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
यह भी पढ़ें : दिवंगत मंत्री सुदिव्य सोनू का अस्थि विसर्जन, उसरी नदी के तट पर बेटे श्रेयस ने पूरी की विधि
आयोजन और सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद कार्यक्रम के आयोजन और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। बड़ी संख्या में प्रशंसकों के दूसरे राज्यों से पहुंचने की जानकारी होने के बावजूद भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त निजी सुरक्षा कर्मियों और वालंटियर की व्यवस्था क्यों नहीं की गई, इसे लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। वहीं, राजकीय शोक के दौरान इतने बड़े सार्वजनिक कार्यक्रम के आयोजन और संभावित भीड़ के आकलन को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। भारी भीड़ की संभावना के बावजूद पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम क्यों नहीं किए गए, इस पर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल गोल्फ ग्राउंड की घटना ने आयोजकों की तैयारियों के साथ-साथ प्रशासन की भीड़ प्रबंधन व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।


