Samachar Post रिपोर्टर, साहिबगंज : बरहड़वा थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का बेहद गंभीर मामला सामने आया है। साइबर अपराधियों ने खुद को CBI अधिकारी बताकर एक व्यक्ति को करीब दो महीने तक डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराए रखा। केस में फंसने और गिरफ्तारी की धमकी देकर ठगों ने पीड़ित से 10 अलग-अलग ट्रांजेक्शन में कुल 1.20 करोड़ रुपये ट्रांसफर करा लिए। ठगी की रकम में बेटी की शादी के लिए जमा पैसे और बैंक की FD भी शामिल है। मामले की जानकारी मिलने के बाद साइबर सेल के नोडल पदाधिकारी सह मुख्यालय डीएसपी रविकांत साव सोमवार देर शाम बरहड़वा थाना पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।
जून में CBI अधिकारी बनकर आया था फोन
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जून 2026 में प्रदीप सिंह नाम के व्यक्ति ने बरहड़वा निवासी गौतम चंद्र दास को फोन किया। उसने खुद को CBI अधिकारी बताया और दावा किया कि गौतम के खिलाफ गंभीर मामला दर्ज हुआ है। इसके बाद आरोपियों ने गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई का डर दिखाया। ठगों ने कहा कि मामले से बचने के लिए पैसे देकर इसे ‘मैनेज’ करना होगा। इसके बाद अलग-अलग बहाने बनाकर लगातार रकम की मांग की जाती रही।
फर्जी CBI कोर्ट में तीन बार वीडियो कॉल
पीड़ित पर दबाव बनाने के लिए साइबर अपराधियों ने उसे वीडियो कॉल के जरिए फर्जी CBI कोर्ट में तीन बार पेश भी किया। इस दौरान उसे केस में फंसाने और जेल भेजने का डर दिखाकर पैसे ट्रांसफर करने के लिए मजबूर किया गया। पुलिस के अनुसार, गौतम ने आरोपियों के बताए बैंक खातों में RTGS के जरिए कुल 10 ट्रांजेक्शन किए और 1.20 करोड़ रुपये भेज दिए। जांच में सामने आया है कि पहला बड़ा ट्रांजेक्शन 20 जून 2026 को हुआ था। उस दिन गौतम ने 50 लाख रुपये ट्रांसफर किए। इसके बाद भी अलग-अलग किस्तों में पैसे भेजने का सिलसिला चलता रहा। ठगी का अंतिम ट्रांजेक्शन 24 अगस्त को 5 लाख रुपये का बताया जा रहा है। करीब दो महीने तक साइबर अपराधियों ने पीड़ित को लगातार अपने दबाव में रखा।

बेटी की शादी के लिए जमा रकम भी गंवाई
गौतम चंद्र दास ने पुलिस को बताया कि उसने बेटी की शादी के लिए लंबे समय से पैसे जमा कर रखे थे। आरोपियों के लगातार दबाव और डिजिटल अरेस्ट के डर के कारण उसने शादी के लिए जमा रकम निकाल दी और बैंक में कराई गई FD तक तुड़वा दी। डर की वजह से वह काफी समय तक परिवार और परिचितों को भी इसकी जानकारी नहीं दे सका। पीड़ित ने 26 अगस्त को एक रिश्तेदार को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिवार को साइबर ठगी का पता चला। सोमवार को पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई गई। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने बैंक खातों, ट्रांजेक्शन विवरण, मोबाइल नंबर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें : बरियातू में जमीन कारोबारी टोनी लोहरा को गोली, RIMS ICU में हालत गंभीर; लवकुश शर्मा गैंग पर शक
जल्द गिरफ्तारी का पुलिस का दावा
एसपी अमित कुमार सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस पूरे प्रकरण की गहन जांच कर रही है। गौतम चंद्र दास की शिकायत पर बरहड़वा थाना में केस दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस साइबर अपराधियों की पहचान और उनके नेटवर्क तक पहुंचने के लिए तकनीकी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

