पलामू में नदी में डूबे 3 दोस्तों में से तीसरे का भी शव बरामद, पिकनिक के दौरान हुआ था हादसा

Rupa Kumari | August 31, 2026 | 03:33 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, पलामू : हरिहरगंज थाना क्षेत्र की बटाने नदी में डूबे तीन दोस्तों में से तीसरे का शव भी सोमवार को बरामद कर लिया गया। तीनों दोस्त शनिवार को पिकनिक मनाने के लिए नदी पहुंचे थे और नहाने के दौरान गहरे पानी में डूब गए थे। तीनों बिहार के औरंगाबाद जिले के मिनी बीघा गांव के रहने वाले थे। मृतकों में रितिक और टेनी शामिल हैं, जबकि तीसरे दोस्त राजेंद्र साव को ग्रामीणों ने शनिवार को नदी से बाहर निकाल लिया था। राजेंद्र फिलहाल इलाजरत हैं।

शनिवार को नहाने के दौरान डूबे थे तीनों

जानकारी के अनुसार, राजेंद्र साव, रितिक और टेनी शनिवार को पिकनिक मनाने हरिहरगंज स्थित बटाने नदी पहुंचे थे। तीनों नदी में नहाने के लिए उतरे थे। इसी दौरान अचानक वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने राजेंद्र साव को बेहोशी की हालत में नदी से बाहर निकाला। पुलिस की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। हादसे के बाद रितिक और टेनी की तलाश जारी थी। रविवार को बटाने पुल के पास से रितिक का शव बरामद कर लिया गया था। वहीं, तीसरे दोस्त टेनी का कोई पता नहीं चलने पर नदी के अलग-अलग हिस्सों में खोजबीन जारी रखी गई।

NDRF ने सियरभूंका इलाके से बरामद किया शव

पुलिस ने रविवार को NDRF और SDRF को घटना की जानकारी दी थी। सोमवार को NDRF की टीम मौके पर पहुंची और सियरभूंका इलाके में बटाने नदी में तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान टीम ने तीसरे दोस्त टेनी का शव नदी से बरामद कर लिया। हरिहरगंज थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने भी एक और शव बरामद होने की पुष्टि की। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

यह भी पढ़ें : बोकारो के वेदांता इलेक्ट्रो स्टील प्लांट में खुले नाले में गिरकर ग्रामीण की मौत, मुआवजे की मांग

दो दोस्तों की मौत से गांव में मातम

एक ही हादसे में दो दोस्तों की मौत से मिनी बीघा गांव और उनके परिवारों में शोक की लहर है। वहीं, हादसे में बचे राजेंद्र साव का इलाज जारी है। पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Share this news

संबंधित खबरें