Samachar Post रिपोर्टर, रांची : अपराध पर नियंत्रण और शहर में कानून-व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के लिए रांची पुलिस ने शुक्रवार देर रात व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस ने राजधानी में एक साथ 15 से अधिक स्थानों पर वाहनों और संदिग्ध लोगों की जांच की। अभियान का उद्देश्य रात के समय होने वाले अपराधों पर अंकुश लगाने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना रहा।
कई प्रमुख इलाकों में हुई सघन जांच
रांची SSP राकेश रंजन के निर्देश पर विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। इस दौरान सुजाता चौक, न्यू मार्केट चौक, खेलगांव, शहीद मैदान, चांदनी चौक और बिरसा चौक समेत कई प्रमुख स्थानों पर वाहनों की जांच की गई। पुलिस टीमों ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ आने-जाने वाले वाहनों की भी जांच की। अधिकारियों के अनुसार, इस तरह की चेकिंग का मकसद असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर रोक लगाना और अपराध की संभावनाओं को कम करना है।

शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी कार्रवाई
अपराध-रोधी जांच के साथ पुलिस ने ड्रंकन ड्राइविंग के खिलाफ भी अभियान चलाया। प्रमुख चौक-चौराहों और मुख्य सड़कों पर वाहन चालकों की जांच की गई। पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने पर भी जोर दिया।
यह भी पढ़ें : बोकारो में बारिश और अंधेरे के बीच खड़े ट्रक से भिड़ी बाइक, 21 वर्षीय युवक की मौत; दो गंभीर
पुलिस ने लोगों से सहयोग की अपील की
रांची पुलिस ने शहरवासियों से सुरक्षा जांच के दौरान पुलिस का सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से अपने आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या 112 हेल्पलाइन पर देने को कहा है। पुलिस के मुताबिक, अपराध नियंत्रण और सड़क सुरक्षा को लेकर इस तरह के चेकिंग अभियान आगे भी जारी रह सकते हैं।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

