रांची में बढ़ा स्वाइन फ्लू का खतरा, RIMS में 8 मरीजों में H1N1 संक्रमण की पुष्टि

Rupa Kumari | August 29, 2026 | 10:36 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड में स्वाइन फ्लू (H1N1) के मामलों में बढ़ोतरी चिंता का विषय बनती जा रही है। राज्य के विभिन्न हिस्सों से जांच के लिए भेजे गए सैंपलों में अब तक 8 लोगों में H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया गया है। रिम्स के माइक्रोबायोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि जांच के लिए आए कई सैंपलों में H1N1 वायरस की पुष्टि हुई है, जिससे संक्रमण के फैलाव को लेकर सतर्कता बढ़ गई है।

स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां रखने के दिए निर्देश

सूत्रों के अनुसार, स्वाइन फ्लू की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने राज्य के सभी सिविल सर्जनों और सदर अस्पतालों के उपाधीक्षकों के साथ ऑनलाइन बैठक की थी। बैठक में एसीएस हेल्थ ने संभावित मामलों से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। हालांकि विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह कदम एहतियात के तौर पर उठाया गया है ताकि भविष्य में संक्रमण बढ़ने की स्थिति में स्वास्थ्य व्यवस्था तैयार रहे।

रांची में डॉक्टर और उनके बेटे भी संक्रमित

जानकारी के मुताबिक राजधानी रांची में भी कई लोगों के संक्रमित होने की सूचना है। रिम्स के माइक्रोबायोलॉजी विभाग के एक डॉक्टर और उनके बेटे में H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके अलावा एक छात्रावास में रहने वाले कुछ छात्रों के संक्रमित होने की भी खबर है। सूत्रों के अनुसार, रांची के एक निजी अस्पताल में भी स्वाइन फ्लू के कुछ मरीज भर्ती हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

यह भी पढ़ें : गढ़वा में मकई के खेत से युवक का शव बरामद, शरीर पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका

किन लोगों को ज्यादा खतरा?

विशेषज्ञों के अनुसार, स्वाइन फ्लू का संक्रमण अधिकांश लोगों में सामान्य फ्लू की तरह ही होता है, लेकिन कुछ वर्गों के लिए यह गंभीर साबित हो सकता है। डॉ. मनोज कुमार के मुताबिक, बच्चों, बुजुर्गों और पहले से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों में H1N1 संक्रमण का असर अधिक हो सकता है। ऐसे लोगों को बुखार, खांसी, गले में खराश, सांस लेने में परेशानी या अन्य फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को भीड़भाड़ वाली जगहों पर सावधानी बरतने, हाथों की स्वच्छता बनाए रखने और फ्लू जैसे लक्षण होने पर जांच कराने की सलाह दी है। संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Share this news

संबंधित खबरें