जनार्दन पासवान बने LJP (RV) के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष, बीरेंद्र प्रधान को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी

Rupa Kumari | August 27, 2026 | 03:53 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने झारखंड में संगठनात्मक स्तर पर बड़ा बदलाव किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने चतरा के पूर्व विधायक जनार्दन पासवान को झारखंड प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष बीरेंद्र प्रधान को पदोन्नत कर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जनार्दन पासवान को प्रदेश संगठन की कमान

पार्टी ने झारखंड में संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से जनार्दन पासवान को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी है। चतरा से पूर्व विधायक रहे जनार्दन पासवान के सामने राज्य में पार्टी के संगठन को जमीनी स्तर पर विस्तार देने की चुनौती होगी। पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि उनके अनुभव से झारखंड में LJP (RV) का संगठन मजबूत होगा और दलित एवं वंचित वर्गों के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ेगी। लंबे समय से झारखंड में पार्टी का नेतृत्व कर रहे बीरेंद्र प्रधान को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। उनके कार्यकाल में संगठन के विस्तार को देखते हुए पार्टी ने उन्हें केंद्रीय टीम में शामिल किया है।

यह भी पढ़ें : बाबूलाल मरांडी बोले- वर्दी अगर पहचान को गाली बनाए, तो न्याय की उम्मीद कहां करें

झारखंड में संगठन मजबूत करने की तैयारी

पार्टी के इस बदलाव को झारखंड में संगठन विस्तार की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। नए प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में पार्टी जमीनी स्तर पर अपनी गतिविधियों को बढ़ाने और राज्य की राजनीति में अपनी भूमिका मजबूत करने की तैयारी में है। पार्टी नेताओं का मानना है कि जनार्दन पासवान और बीरेंद्र प्रधान के अनुभव का लाभ संगठन को राज्य और राष्ट्रीय, दोनों स्तरों पर मिलेगा।

Share this news

संबंधित खबरें